केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और उसे मंजूरी मिलने के बाद देश की राजनीति में सियासी पारा चढ़ गया है. एक तरफ जहां छात्र आंदोलन और विपक्ष के हमलावर तेवरों के बीच इसे बड़ी हलचल के रूप में देखा जा रहा है, वहीं समाजवादी पार्टी ने इसे छात्रों और लोकतंत्र की सीधी जीत करार दिया है. फैजाबाद (अयोध्या) से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने इस मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा निशाना साधा.
ADVERTISEMENT
'छात्रों, युवाओं और लोकतंत्र की हुई जीत'
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह सिर्फ किसी एक मंत्री का पद छोड़ना नहीं है, बल्कि देश के छात्रों और युवाओं के संघर्ष का नतीजा है. उन्होंने कहा, "जब छात्र और युवा अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरते हैं, तो बड़ी से बड़ी सत्ता को झुकना ही पड़ता है. यह जीत उन लाखों छात्रों की है जिन्होंने अपने हक की आवाज उठाई.
CM योगी के बयान पर पलटवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सपा और कांग्रेस पर 'मगरमच्छ के आंसू' बहाने का आरोप लगाए जाने पर अवधेश प्रसाद ने तीखा तंज कसा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों काफी परेशान और डिस्टर्ब चल रहे हैं. सपा सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जनता का विश्वास मौजूदा सरकार से घट रहा है, जबकि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति लोगों का भरोसा और यकीन लगातार बढ़ रहा है.
2027 के चुनाव की घबराहट में दिए जा रहे उल्टे-सीधे बयान
वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए अवधेश प्रसाद ने तंज कसा कि चुनाव पास आ रहे हैं और बीजेपी को अपनी हार साफ नजर आ रही है इसी घबराहट और बेचैनी की वजह से सत्ता पक्ष की ओर से इस तरह के बयान आ रहे हैं. विपक्ष इस पूरे घटनाक्रम को अपनी नैतिक जीत मान रहा है, वहीं इस इस्तीफे के बाद यूपी समेत देश भर में युवाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सियासी घमासान और तेज होने के आसार हैं.
ADVERTISEMENT


