'हिजाब पहनो..शर्ट का बटन बंद करो', लखनऊ इमामबाड़े घूमने आई महिला इंफ्लुएंसर मान्या सिंह के साथ क्या हुआ! VIDEO में बताई एक-एक बात

डिजिटल क्रिएटर मान्या सिंह ने लखनऊ के बड़ा इमामबाड़ा में अपने साथ हुए बुरे बर्ताव का आरोप लगाया है. मान्या का कहना है कि उन्हें जबरन हिजाब पहनने और शर्ट के बटन बंद करने के लिए मजबूर किया गया.

Manya Singh video
Manya Singh video

आशीष श्रीवास्तव

follow google news

Lucknow Imambara Manya Singh controversy: लखनऊ के मशहूर पर्यटन स्थल बड़े इमामबाड़ा से जुड़ा एक नया विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है. डिजिटल क्रिएटर मान्या सिंह ने एक वीडियो साझा कर शेयर किया है कि परिसर के अंदर जाने के दौरान उनसे हिजाब पहनने और शर्ट का बटन बंद करने के लिए कहा गया.

Read more!

मान्या सिंह के अनुसार वह अपनी दोस्तों के साथ इमामबाड़ा घूमने पहुंची थीं. उन्होंने बताया कि टिकट लेकर परिसर में प्रवेश करने तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन अंदर जाने के बाद कुछ लोगों ने उन्हें हिजाब पहनने के लिए कहा.

हिजाब पहनकर ही अंदर जाने की अनुमति! 

मान्या सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने हिजाब पहनने से मना किया तो उन्हें घूरकर देखा गया और कहा गया कि बिना हिजाब के अंदर रहने की अनुमति नहीं है.

उनके मुताबिक, कुछ लोगों ने उन्हें बाहर जाने के लिए कहा और यह भी सुझाव दिया कि वह बाहर से दुपट्टा या हिजाब लेकर आएं. मान्या सिंह ने दावा किया कि उन्होंने यह बात मानने से इनकार कर दिया और परिसर में घूमती रहीं.

शर्ट का बटन बंद करने के लिए भी कहा गया

डिजिटल क्रिएटर ने अपने वीडियो में कहा कि थोड़ी देर बाद उन्हें और उनकी दोस्तों को शर्ट का बटन बंद करने के लिए भी कहा गया.

उन्होंने इसे अनुचित व्यवहार बताते हुए कहा कि किसी को यह तय करने का अधिकार नहीं है कि कोई महिला क्या पहने और क्या नहीं.

पोस्टरों को लेकर भी लगाया आरोप

मान्या सिंह ने यह भी दावा किया कि परिसर के बाहर अमेरिका और इजरायल के खिलाफ पोस्टर लगे थे. उनका कहना है कि वहां मौजूद लोगों ने इन पोस्टरों पर पैर रखकर अंदर जाने के लिए कहा. मान्या सिंह के अनुसार उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया.

'मैं आजाद भारत में रहती हूं'

मान्या सिंह ने इस पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वह एक आजाद देश में रहती हैं और किसी महिला पर इस तरह का धार्मिक या ड्रेस कोड का दबाव नहीं डाला जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को यह अधिकार नहीं होना चाहिए कि वह तय करे कि किसी महिला को क्या पहनना चाहिए.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

मान्या सिंह द्वारा साझा किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना को लेकर लोगों के बीच बहस शुरू हो गई है.

हालांकि फिलहाल यह केवल मान्या सिंह का पक्ष है. इस मामले में प्रशासन या इमामबाड़ा प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

देखिए वीडियो

 

    follow google news