नौकरी, कोचिंग या राजनीति... पूर्व IAS दिव्या मित्तल का अगला कदम क्या होगा? इस दिन करेंगी खुलासा

मधुर यादव

28 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 28 2026 5:05 PM)

IAS Divya Mittal News: उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपने भविष्य के प्लान को लेकर सस्पेंस बढ़ा दिया है. उन्होंने परिवार, विदेश में नौकरी, कोचिंग और राजनीति जैसे 4 विकल्पों का जिक्र किया है. दिव्या मित्तल 29 सितंबर सुबह 8:30 बजे अपने अगले कदम का खुलासा करेंगी.

पूर्व IAS की पोस्ट ने बढ़ाई चर्चाएं
पूर्व IAS की पोस्ट ने बढ़ाई चर्चाएं
Google CTA

IAS Divya Mittal next plan: उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. उन्होंने एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि आगे क्या करना है. इस पोस्ट के बाद से ही प्रशासनिक और सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि, उन्होंने अपने इस सस्पेंस से पर्दा उठाने के लिए 29 सितंबर की सुबह 8:30 बजे का समय तय किया है.

Read more!

दिव्या मित्तल के सामने करियर के 4 मुख्य रास्ते

दिव्या मित्तल ने अपनी पोस्ट के जरिए भविष्य के 4 संभावित विकल्पों का जिक्र किया है. पहला रास्ता परिवार और छोटे बच्चों की देखभाल का है. दूसरा विकल्प फिर से विदेश जाकर कॉर्पोरेट सेक्टर में अच्छे सैलरी पैकेज पर नौकरी करना है. तीसरे विकल्प के तौर पर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे युवाओं को कोचिंग देने और मार्गदर्शन का रास्ता है. वहीं, चौथा विकल्प राजनीति का माना जा रहा है, जिसे लेकर सबसे ज्यादा चर्चाएं हो रही हैं.

आईआईटी से आईएएस तक का सफर और इस्तीफा

वर्ष 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल की पृष्ठभूमि बेहद शानदार रही है. उन्होंने आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बैंगलोर से पढ़ाई करने के बाद लंदन में नौकरी की थी. बाद में उन्होंने विदेश की नौकरी छोड़कर भारत लौटने और यूपीएससी क्रैक कर आईएएस बनने का फैसला किया था. लगभग 13 साल तक सेवाएं देने के बाद उन्होंने व्यक्तिगत प्राथमिकताओं का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया.

यह पढ़ें: 'हमारे लिए तो वो...' IAS दिव्या मित्तल ने मिर्जापुर के जिस गांव में घर-घर पहुंचाया था पानी, इस्तीफे पर वहां के लोगों ने दिया ऐसा रिएक्शन

 

क्या राजनीति में कदम रखेंगी दिव्या मित्तल?

दिव्या मित्तल के राजनीति में जाने की अटकलें तब से लगाई जा रही हैं जब कांग्रेस नेता अजय राय ने उनके चुनाव लड़ने पर विचार करने की बात कही थी. इसके अलावा समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी उनके इस्तीफे के मुद्दे को उठाकर सरकार पर सवाल साधे थे. हालांकि दिव्या मित्तल ने राजनीति के विकल्प पर कोई स्पष्ट रुख नहीं अपनाया है. 29 सितंबर को सुबह 8:30 बजे ही यह साफ हो पाएगा कि वह किस नए सफर की शुरुआत करने जा रही हैं.

यह भी पढ़ें: क्या राजनीति में एंट्री लेंगी पूर्व IAS दिव्या मित्तल? कांग्रेस के आमंत्रण और राहुल गांधी से मुलाकात की चर्चाओं पर जानिए अपडेट