गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में बकरईद के दिन एक 17 साल के लड़के की हत्या कर दी गई. जिसका नाम था सूर्या. ये मामला इतना सेंसिटिव था कि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और यूजर्स सूर्या को इंसाफ दिलाने और आरोपी को सजा देने की मांग करने लगें. इसी बीच एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे कुछ लोग इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद का कबूलनामा बता रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि सूर्या की हत्या के बाद असद ने खुद यह वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डाला था.
ADVERTISEMENT
वायरल वीडियो में एक युवक कैमरे के सामने कहता दिखाई देता है, "देखो भाई, रात के 11 बजकर 22 मिनट हो रहे हैं. तुम्हारे भाई ने एक मर्डर कर दिया है. अब कुछ दिनों के लिए जेल जाना पड़ेगा, इसलिए सभी भाई प्यार और सपोर्ट देना"
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को सूर्या हत्याकांड से जोड़कर जमकर शेयर किया जा रहा है. कई पोस्ट्स में कहा जा रहा है कि वीडियो में दिखाई देने वाला युवक असद है, जिसने हत्या के बाद खुद अपना जुर्म कबूल किया था.
फैक्ट चेक में सामने आई सच्चाई
मामले की पड़ताल में पता चला कि वायरल वीडियो का सूर्या हत्याकांड से कोई लेने देना नहीं है. वीडियो की तस्वीरों को रिवर्स सर्च करने पर यह वीडियो अप्रैल महीने का निकला. इस वीडियो को एनडीटीवी के यूट्यूब चैनल ने 3 अप्रैल को अपलोड किया था. नीचे हम इसी की स्क्रिनशॉट भी डाल रहे हैं. जिसमें आप देख सकते हैं कि वीडियो डिस्क्रिप्शन में तारीक 3 अप्रैल दिख रही है.
तो फिर वीडियो में दिख रहा युवक कौन है?
इसी डिस्क्रिप्शन के और द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो में दिखाई देने वाले युवक का नाम करण कुमार है. उस पर दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में एक युवक की हत्या का आरोप था. 2 अप्रैल को शालीमार बाग में 20 साल के नितेश उर्फ निक्की की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में करण उर्फ तरुण, मोंटी और एक नाबालिग पर आरोप लगा था. पुलिस ने घटना के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था.
बताया गया कि हत्या के बाद करण ने खुद एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने वारदात का जिक्र किया और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दिया था. वायरल हो रहा यही वीडियो अब गलत दावे के साथ सूर्या हत्याकांड से जोड़कर फैलाया जा रहा है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, खोड़ा में सूर्या नाम के 17 साल के लड़के की हत्या कर दी गई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसे कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया गया था जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी असद को एनकाउंटर में मार गिराया जबकि तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसी घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह वीडियो फिर से वायरल होने लगा और इसे असद का वीडियो बताया जाने लगा.
हालांकि जांच में साफ हो गया है कि सोशल मीडिया पर जिस वीडियो को सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद का कबूलनामा बताया जा रहा है वह दावा पूरी तरह गलत है.
ये भी पढ़ें:
ADVERTISEMENT


