फर्रुखाबाद में सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह के घर भीषण ब्लास्ट, दो बेटों समेत कई लोग घायल; सामने आई घटना की ये वजह

Farrukhabad Blast News: फर्रुखाबाद में विजय सिंह के घर हुए भीषण विस्फोट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. धमाका इतना जोरदार था कि मकान की छत उड़ गई और आसपास के घरों की खिड़कियां तक टूट गईं. इस हादसे में उनके दो बेटों समेत कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. विस्तार से जानिए मामले की पूरी कहानी.

Farrukhabad Blast News
सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह(फाइल फोटो)

फिरोज खान

follow google news

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से एक बड़ी और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विजय सिंह के घर में एक जबरदस्त विस्फोट हुआ है, जिससे न केवल उनका घर बल्कि पूरा इलाका दहल उठा. धमाका इतना शक्तिशाली था कि घर की छत उड़ गई और खिड़की-दरवाजे तहस-नहस हो गए. इस हादसे में पूर्व विधायक के दो बेटों समेत कुल छह लोग घायल बताए जा रहे हैं.

Read more!

अचानक हुआ धमाका और मच गई चीख-पुकार

यह घटना फर्रुखाबाद के शहर कोतवाली क्षेत्र के बीचों-बीच स्थित पूर्व विधायक के आवास की है. चश्मदीदों के मुताबिक, धमाका शाम लगभग सवा पांच बजे के आसपास हुआ. धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के मकानों की दीवारें तक हिल गईं और खिड़कियों के कांच चकनाचूर हो गए. घर के अंदर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. पूर्व विधायक के बेडरूम का सामान और पर्दे घर के बाहर सड़क पर जा गिरे, जिससे चारों तरफ मलबे का ढेर लग गया.

विधायक के दो बेटों समेत कई घायल

हादसे के वक्त घर में पूर्व विधायक का परिवार मौजूद था. इस ब्लास्ट में पूर्व विधायक विजय सिंह के दो बेटों, विक्की और सिक्की, समेत परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए हैं. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य है.

आखिर कैसे हुआ इतना भयंकर विस्फोट?

धमाके के कारणों को लेकर अभी जांच जारी है, लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में एक बड़ी बात सामने आई है. अधिकारियों का कहना है कि मकान के नीचे बने बेसमेंट में गैस बनने की वजह से यह विस्फोट हुआ हो सकता है. हालांकि, घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते (BDS) को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.

कौन हैं पूर्व विधायक विजय सिंह?

विजय सिंह समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता रहे हैं और फर्रुखाबाद सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं. वर्तमान में वह भाजपा नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी की 1997 में हुई हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं और वाराणसी जेल में बंद हैं. 2017 के चुनाव में उन्हें ब्रह्मदत्त द्विवेदी के बेटे मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने शिकस्त दी थी. उनके घर हुए इस ब्लास्ट की गूंज अब लखनऊ के सियासी गलियारों तक पहुंच गई है.

    follow google news