फतेहपुर: महिला ने पति को चारपाई से बांधकर रातभर पीटा, फिर पूरी रात बिजली के तार से... जानें क्या है पूरा मामला

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक पत्नी का अपने पति को चारपाई से बांधकर रातभर बेरहमी से पीटने और करंट लगाने का मामला आया है. इस खौफनाक घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित पति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है.

फतेहपुर से आया हैरान करने वाला मामला
फतेहपुर से आया हैरान करने वाला मामला
Google CTA

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया है. आमतौर पर घरेलू हिंसा के मामलों में महिलाओं के उत्पीड़न की खबरें आती हैं, लेकिन फतेहपुर में एक पत्नी का ऐसा खौफनाक रूप देखने को मिला कि सुनने वालों का दिल कांप उठा. आरोप है कि एक महिला ने अपने ही पति को बंधक बनाकर रातभर बेरहमी से पीटा और उसे बिजली के करंट के झटके दिए. पीड़ित पति की हालत इतनी नाजुक हो गई कि उसे इलाज के लिए कानपुर रेफर करना पड़ा है.

Read more!

चारपाई से बांधकर रातभर ढहाया कहर

यह चौंकाने वाली वारदात फतेहपुर के ओंग थाना क्षेत्र के परसदेहपुर गांव की है. घायल पति संजीव तिवारी के मुताबिक, रविवार की रात उनकी पत्नी ने अचानक उन्हें चारपाई से बांध दिया. इसके बाद उसने सारी हदें पार करते हुए पूरी रात संजीव के साथ बेरहमी से मारपीट की. इतना ही नहीं, संजीव का आरोप है कि उसकी पत्नी ने बिजली के खुले तारों से उसे करंट के झटके भी दिए, जिससे वह अधमरा हो गया.

यूपी डायल 112 को मिली सूचना, गंभीर हालत में कानपुर रेफर

सोमवार की सुबह यूपी डायल 112 पर पुलिस को सूचना मिली कि गांव में एक शख्स लहूलुहान और गंभीर हालत में पड़ा हुआ है. मौके पर पहुंची पुलिस ने संजीव तिवारी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, संजीव की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने शुरुआती इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया.

आरोपी पत्नी हिरासत में, भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

अस्पताल में होश आने के बाद संजीव तिवारी ने पुलिस को अपने साथ हुई इस खौफनाक आपबीती की जानकारी दी. संजीव की हालत में कुछ सुधार होने के बाद उनके भाई ने ओंग थाने पहुंचकर आरोपी पत्नी के खिलाफ लिखित शिकायत (तहरीर) दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है. ओंग थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित पति के बयान दर्ज कर लिए गए हैं. पुलिस अब मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि उस रात हुए इस खौफनाक ड्रामे का पूरा सच सामने आ सके.