उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के टूंडला इलाके में हुई चाय विक्रेता तेजपाल की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. महज दो दिनों के भीतर पुलिस ने इस हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया कि यह पूरी वारदात प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश का नतीजा थी.
ADVERTISEMENT
सोते समय किया गया हमला
यह घटना दो दिन पहले की है, जब जरौली कट के पास अपनी दुकान पर सो रहे तेजपाल की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. सुबह जब स्थानीय लोगों ने दुकान के बाहर लहूलुहान शव देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत चार टीमें गठित कीं. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों (Surveillance) की मदद से आरोपी मुकेश तक पहुंच गई.
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस की गिरफ्त में आए मुकेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. मुकेश ने बताया कि वह एक महिला के साथ संबंध में था. उसे शक था कि तेजपाल भी उसी महिला से बात करता है. मुकेश ने कई बार तेजपाल को उस महिला से दूर रहने की चेतावनी दी थी, लेकिन जब बातचीत बंद नहीं हुई तो उसने तेजपाल को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.
रॉड से वार कर ली जान
वारदात वाली रात मुकेश चुपके से दुकान पर पहुंचा. वहां तेजपाल गहरी नींद में था. मुकेश ने लोहे की रॉड और भारी औजारों से तेजपाल के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. अपर पुलिस अधीक्षक (शहर) रवि शंकर प्रसाद के अनुसार, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिए हैं और आरोपी को जेल भेज दिया गया है.
यह भी पढ़ें: कौन हैं सूर्य प्रताप सिंह, जिन्हें बनारस के UP कॉलेज में सरेआम मारी गई 8 गोलियां, गाजीपुर से क्या है कनेक्शन
ADVERTISEMENT


