नॉन-वेज खाने का शौकीन एक परिवार मध्य प्रदेश अपने घर घूमने गया था, वहां जमकर पार्टी हुई और उन्होंने वहां खूब मटन खाया. लेकिन जैसे ही परिवार खाना खाने के अगले दिन उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद लौटा तो उसका फोन बजा और फिर सब लोग एकदम से घबरा गए. फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि जिस बकरे का मांस उन्होंने आनंद लेकर खाया था, उसे कुत्ते ने काट लिया था और वह कुत्ता भी मर गया है. यह बात सुनते ही पूरे परिवार को रेबीज बीमारी का डर सताने लगा और घर में तनाव का माहौल बन गया. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
जिस बकरे का मटन खाया, उसे कुत्ते ने काटा था
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गाजियाबाद के इंदिरापुरम में कनावनी गांव में एक परिवार रहता है, जो कि मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले है. परिवार का एक शख्स गाजियाबाद में कहीं सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है. इसी बीच कुछ दिन पहले वह अपने घर एमपी गए हुए थे. वहीं घर पर मटन बना था, जहां पूरे परिवार ने बड़े आनंद से उसे खाया. फिर सभी लोग गाजियाबाद लौट गए, लेकिन उसी दिन शाम को फोन आया है कि जिस बकरे का उन्होंने मटन खाया था, उसे कुत्ता ने काट लिया था और अब वह कुत्ता भी मर चुका है. यह सुनते ही पूरा परिवार घबरा गया.
डॉक्टर के समझाने के बाद भी नहीं माना परिवार
परिवार रेबीज के खतरे से इतना डर गया कि उन्होंने कैसे भी करके रात गुजारी. सुबह होते ही पूरा परिवार एमएमजी हॉस्पिटल पहुंचा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाने की बात करने लगा. वहां डॉक्टर ने उन्हें समझाया भी कि कोई परेशानी वाली बात नहीं है, लेकिन परिवार के मन में डर इस कदर बैठा हुआ था कि वे एक नहीं सुनने को तैयार थे. जब काफी समझाइश के बाद वो लोग नहीं माने तो उन्हें एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई.
इस मामले में अब एक और बात भी सामने आ रही है कि जिससे बकरा खरीदा गया था, उसने काफी कम पैसों में ही बकरे को बेच दिया था. फिलहाल परिवार के दो लोगों को पेट में दर्द होने की बात सामने आई है, जिनका आज यानी शुक्रवार को जांच कराया जाएगा.
ADVERTISEMENT


