कभी बकरा हलाल होते देखा है? पूछकर दोस्तों ने 17 साल के सूर्य चौहान को बीच सड़क पर चाकुओं से गोदा

गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन 17 साल क सूर्य चौहान की उसके ही दोस्तों ने बीच सड़क पर चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी. इस सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है.

गाजियाबाद
गाजियाबाद

न्यूज तक डेस्क

follow google news

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दिल दहला देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. दिल्ली एनसीआर के खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन एक 17 साल के हिंदू किशोर सूरज उर्फ सूर्य चौहान की उसके ही दोस्तों ने बीच सड़क पर घेरकर चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस खौफनाक हत्याकांड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने इलाके में भारी तनाव और कोहराम मचा दिया है. वारदात के बाद से स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है.

Read more!

फोन करके बुलाया, फिर पूछा खौफनाक सवाल

यह पूरी घटना खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार की है. मृतक सूर्य चौहान के परिजनों और चश्मदीदों के मुताबिक, बकरीद (ईद-उल-अजहा) के दिन दोपहर के समय सूर्य चौहान के पास उसके कुछ दोस्तों के फोन आए. वे उसे घर से बुलाकर गली में ले गए. पीड़ित के परिजनों के अनुसार, वहां आरोपियों ने सूर्य चौहान से एक बेहद अजीब और डरावना सवाल पूछा. आरोपियों ने कहा, क्या तुमने कभी बकरा हलाल होते देखा है?

जब सूर्य ने कहा कि "नहीं, मैंने नहीं देखा", तो आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश और प्लानिंग के तहत उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

सरेआम कत्ल और तमाशबीन बने रहे लोग

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपियों ने सूर्य चौहान को चारों तरफ से घेर लिया था. हमलावरों ने उस पर चाकू से इस कदर बर्बरता से वार किए कि उसके शरीर के अंदरूनी अंग बाहर आ गए. हैरान करने वाली बात यह रही कि जब यह खौफनाक वारदात हो रही थी, तब गली में कुछ अन्य लोग भी खड़े थे. लेकिन किसी ने भी हमलावरों को रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई. परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद कुछ लोग आरोपियों के पक्ष के थे जो बीच सड़क पर हो रहे इस कदर कत्ल को देखकर हंस रहे थे.

वारदात के बाद लहूलुहान और मरणासन्न स्थिति में सूर्य चौहान को तुरंत नोएडा के सेक्टर 62 स्थित फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

आरोपियों के नाम आए सामने, इलाके में तनाव

परिजनों की तहरीर के मुताबिक, इस वारदात को असद, नवाब, फरहान, आतिफ और सारिक नाम के युवकों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया है. इस सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील घटना के बाद नवनीत विहार इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. स्थानीय निवासी और हिंदू संगठन आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में ऐसे अपराधियों का तुरंत एनकाउंटर होना चाहिए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए.

पुलिस की कार्रवाई और मुख्य आरोपी फरार

सरेआम हुई इस जघन्य हत्या के बाद गाजियाबाद पुलिस तुरंत एक्शन में आई है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए टीमों का गठन किया गया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

हालांकि, घटना का मुख्य सूत्रधार और मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है. गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

 

    follow google news