गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम विवाह का अंजाम कत्ल में बदल गया. 32 साल के नितिन कुमार, जिन्होंने एक साल पहले मुस्लिम समुदाय की मुस्कान से शादी की थी, उनकी ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश है और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया. आइए विस्तार से जानते है इस खौफनाक मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
सुलह के बहाने बुलाकर की हत्या
मृतक के बड़े भाई अमित कुमार द्वारा दर्ज एफआईआर के अनुसार, नितिन और मुस्कान की शादी से ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं थे. पिछले कुछ दिनों से पति से अनबन के कारण मुस्कान अपने मायके चली गई थी. 30 मार्च की शाम, ससुर मेहरुद्दीन और चाचा आसिफ अली ने सुलह के बहाने नितिन को बंथला क्षेत्र में बुलाया. आरोप है कि वहां पहले से मौजूद अज्ञात हमलावरों के साथ मिलकर ससुराल वालों ने नितिन पर जानलेवा हमला कर दिया.
'खेल खत्म करने' की दी थी धमकी
नितिन के भाई अमित, जो किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहे, उन्होंने बताया कि ससुर और चाचा ने सामने आते ही कहा, 'आज इसका खेल ही खत्म करते हैं.' इसके बाद नितिन को बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि सुलह समझौते के नाम पर उसे साथ ले जाया गया था और रास्ते में विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई जो हत्या में तब्दील हो गई.
दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की दबिश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने इस मामले में अब तक दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
नितिन के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. वे सवाल उठा रहे हैं कि अगर लव मैरिज से परिवार नाराज था, तो उसका बदला एक मासूम की जान लेकर क्यों लिया गया. फिलहाल लोनी क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
ADVERTISEMENT


