Ghaziabad News: गाजियाबाद में तस्लीम की हत्या, घर से बुलाया... फिर चाकुओं से गोद डाला

गाजियाबाद के लोनी में पुरानी रंजिश के चलते 21 साल तस्लीम की मजार के पास चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस मर्डर मिस्ट्री में चौंकाने वाला मोड़ यह है कि मृतक के भाई की भी पहले हत्या हो चुकी है, जिसके बाद पुलिस पुराने बदले के एंगल से 4 नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है.

गाजियाबाद से आई बड़ी खबर
गाजियाबाद से आई बड़ी खबर

न्यूज तक डेस्क

follow google news

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां आशियाना सिटी में रहने वाले 21 साल के एक युवक तस्लीम की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. परिजनों का आरोप है कि तस्लीम को कुछ युवक रात के समय घर से बुलाकर ले गए थे और पुरानी रंजिश के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुट गई है.

Read more!

घर से बुलाकर मजार के पास किया हमला

मृतक तस्लीम पेशे से एक सैलून में काम करता था और अपने परिवार के साथ सामान्य जिंदगी जी रहा था. परिजनों के मुताबिक, 10 जून की रात करीब 9:30 बजे कुछ युवक तस्लीम के घर पहुंचे और उसे अपने साथ बुलाकर ले गए. आरोप है कि ये युवक तस्लीम को मलिक सिटी स्थित एक मजार के पास ले गए. वहां पहले उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई और फिर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया गया.

जब तक परिवार वाले सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे, तस्लीम खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा था. उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों का दावा है कि तस्लीम के शरीर पर चाकू के सात से ज्यादा गहरे घाव थे.

पुरानी रंजिश और पहले भी हो चुकी है भाई की हत्या

तस्लीम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मृतक के पिता ने बताया कि इस खूनी खेल के पीछे पुरानी रंजिश है. हैरान करने वाली बात यह है कि पीड़ित परिवार के मुताबिक, तस्लीम के भाई की भी पहले हत्या हो चुकी है. उस पुराने मर्डर केस में तस्लीम का नाम भी आया था, जिसके बाद वह जमानत पर बाहर आया था.

पिता का आरोप है कि करीब एक महीने पहले फैसल नाम के युवक ने तस्लीम को जान से मारने की धमकी दी थी. इसकी शिकायत पुलिस में भी की गई थी, लेकिन पुलिस ने वक्त रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया. परिवार का कहना है कि अगर पुलिस पहले ही सख्त कार्रवाई करती, तो शायद आज तस्लीम जिंदा होता.

इन चार युवकों पर लगा हत्या का आरोप

परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार युवकों को इस वारदात के लिए नामजद किया है. आरोपियों के नाम हैं-

  • फैसल
  • शेरदी
  • आमिर
  • अयान

पुलिस का क्या कहना है?

वारदात की सूचना मिलते ही लोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. इस मामले पर एसीपी (ACP) सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि वादी की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार दबिश दे रही हैं. फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है.

पुलिस अब इस मामले में पुराने विवाद और रंजिश के एंगल को खंगाल रही है. जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या तस्लीम के भाई की पुरानी हत्या और इस वारदात के तार आपस में जुड़े हुए हैं या नहीं.


 

    follow google news