गाजियाबाद में स्विमिंग पूल जाने निकला था जैद... रास्ते में राहुल कार में बैठाकर ले गया, फिर सामने आई मौत की खबर, जानें ऐसा क्या हुआ?

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से रोड रेज का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है. लोनी बॉर्डर क्षेत्र में कार और बाइक की मामूली टक्कर के बाद उपजे विवाद में एक युवक को बंधक बना लिया गया और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में जुट गई है.

गाजियाबाद में मामूली टक्कर के बाद जैद नामक युवक की हत्या (सांकेतिक तस्वीर)
गाजियाबाद में मामूली टक्कर के बाद जैद नामक युवक की हत्या (सांकेतिक तस्वीर)

मयंक गौड़

follow google news

Ghaziabad Mohammad Zaid Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद इलाके में रोड रेज के एक विवाद ने इतना उग्र रूप ले लिया कि एक युवक की जान चली गई. कार और बाइक के बीच हुई एक मामूली सी टक्कर के बाद शुरू हुए झगड़े में एक युवक को बंधक बना लिया गया. इसके बाद आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी अपने कार्यालय पर ताला लटकाकर मौके से फरार हो गया. इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है.

Read more!

स्विमिंग पूल जाने के दौरान रास्ते में टकराई गाड़ी

जानकारी के अनुसार, मुस्तफाबाद का रहने वाला मोहम्मद जैद उर्फ शारिक अपने दो दोस्तों, नदीम और इब्राहिम के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बेहटा स्थित एक स्विमिंग पूल में नहाने के लिए जा रहा था. वे अपनी बाइक से जैसे ही लोनी मेन रोड से बेहटा रोड की तरफ मुड़े, तभी एक नीले रंग की कार से उनकी बाइक की हल्की सी टक्कर हो गई. आरोप है कि इस मामूली टक्कर के होते ही कार सवार युवक तुरंत नीचे उतरा और उसने जैद के साथ मारपीट शुरू कर दी. विवाद यहीं नहीं थमा कार सवार युवक जैद को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर पास में ही स्थित मनीष प्रॉपर्टीज के दफ्तर ले गया.

प्रॉपर्टी दफ्तर के अंदर बंधक बनाकर बेरहमी से की पिटाई

वारदात के दौरान कार सवार का दूसरा साथी जैद की मोटरसाइकिल लेकर खुद मनीष प्रॉपर्टीज के कार्यालय पहुंचा और उसने जैद के दोनों दोस्तों, नदीम और इब्राहिम को भी वहीं बुला लिया. मृतक के भाई शारिक द्वारा पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, जब नदीम और इब्राहिम मनीष प्रॉपर्टीज के दफ्तर के भीतर पहुंचे तो वहां का नजारा बेहद खौफनाक था. जैद जमीन पर पूरी तरह से बेसुध पड़ा हुआ था. राहुल नाम का युवक लगातार गाली-गलौज करते हुए उसे लातों से बेरहमी से पीट रहा था. इस क्रूरतापूर्ण पिटाई की वजह से जैद मौके पर ही बेहोश हो गया.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

जैद को बेसुध देखकर उसके साथियों ने उसे होश में लाने की काफी कोशिश की. उसके चेहरे पर पानी के छीटें भी मारे, लेकिन उसके शरीर ने कोई रिस्पांस नहीं दिया. आरोप है कि इसके बाद आरोपी राहुल ने पीड़ित के दोस्तों को गंभीर धमकी देते हुए कहा कि इसे यहां से तुरंत उठा ले जाओ, नहीं तो तुम्हें भी जान से मार देंगे. डर के मारे जैद के दोस्त उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर पहले घर ले गए. फिर वहां से तुरंत दिल्ली के जीटीबी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद जैद को मृत घोषित कर दिया. मौत की पुष्टि होने के बाद जब परिजन और दोस्त वापस मनीष प्रॉपर्टीज के कार्यालय पहुंचे तो मुख्य आरोपी राहुल वहां ताला लगाकर भाग चुका था.

आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने गठित की टीमें

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि लोनी बॉर्डर क्षेत्र के मुस्तफाबाद में एक बाइक और कार के बीच हल्की टक्कर के बाद दो पक्षों में विवाद हुआ था. इसमें कार सवार युवकों ने जैद नाम के युवक के साथ मारपीट की, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई. परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं.पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को बहुत जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: Ghaziabad Crime: लिव-इन पार्टनर पर बेटी को गलत नजर से देखने का शक, दो बहनों ने मिलकर रची हत्या की पूरी साजिश

    follow google news