बकरीद पर हुए सूर्या चौहान मर्डर केस में बड़ा अपडेट, मुख्य शूटर असद पुलिस एनकाउंटर में मारा गया

गाजियाबाद के खोड़ा में बकरीद के दिन हुए सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है. 50 हजार का इनामी असद पैसे लेकर शहर से भागने की फिराक में था. घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह ढेर हो गया.

ghaziabad
ghaziabad

अंशुल सिंह

follow google news

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है. खोड़ा इलाके में हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद ढेर कर दिया है. पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल होने के बाद असद को अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस मुठभेड़ में गाजियाबाद पुलिस का एक जवान भी जख्मी हुआ है.

Read more!

पैसे लेकर शहर से भागने की फिराक में था असद

गाजियाबाद पुलिस को बीती देर रात एक पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी. पुलिस को पता चला था कि सूर्या चौहान की हत्या का मुख्य आरोपी असद अपने किसी दोस्त से पैसे लेने के लिए खोड़ा इलाके में आने वाला है. रकम हाथ में आते ही उसका इरादा शहर छोड़कर हमेशा के लिए फरार होने का था. इस सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी की और जाल बिछा दिया. कुछ ही देर में असद अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर आता हुआ दिखाई दिया.

रुकने का इशारा किया तो पुलिस पर झोंक दी फायरिंग

पुलिस टीम ने जब संदिग्ध बाइक को रुकने का इशारा किया तो असद ने मोटरसाइकिल रोकने के बजाय सीधे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी. अचानक हुई इस फायरिंग से मौके पर हड़कंप मच गया और एक पुलिस कॉन्स्टेबल घायल हो गया. इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में तुरंत जवाबी कार्रवाई की. दोनों तरफ से हुई इस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी असद को गोली लग गई और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

मौके से पिस्तौल और बाइक बरामद, एक आरोपी फरार

एनकाउंटर के बाद पुलिस ने घटनास्थल की सघन तलाशी ली. मौके से वह मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है, जिससे आरोपी भाग रहे थे. इसके अलावा असद के पास से एक देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं, जिससे उसने पुलिस टीम पर हमला किया था. हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक पर असद के साथ मौजूद उसका दूसरा दोस्त मौके से भागने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

सीसीटीवी फुटेज से हुआ था खुलासा

आपको बता दें कि बकरीद के दिन खोड़ा इलाके में 17 साल के सूर्या चौहान पर कुछ युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी थी. इस दिल दहला देने वाली वारदात का एक सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई तेज की और पहले ही तीन आरोपियों को जेल भेज चुकी थी.

मुख्य शूटर असद इस मामले में चौथा आरोपी था, जिस पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. अब पुलिस को इस केस के पांचवें और आखिरी फरार आरोपी की तलाश है.

गौरतलब है कि सूर्या की मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश था और उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग की थी.

    follow google news