गाजियाबाद: वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका, टूटे शीशे, दीवार में आई दरार; सामने आया धमकी भरा पोस्ट

हिमांशु मिश्रा

07 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 7 2026 10:22 AM)

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब 9 बजे जोरदार धमाका हुआ. विस्फोट से दो खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवार में दरार आ गई. कांच लगने से एक डिलीवरी बॉय घायल हो गया. पुलिस और फोरेंसिक टीम धमाके की वजह की जांच कर रही हैं.

Ghaziabad
Ghaziabad
Google CTA

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार रात वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर अचानक जोरदार धमाका हो गया. विस्फोट इतना तेज था कि चौकी के दो खिड़कियों के शीशे टूट गए और एक दीवार में भी दरार आ गई. घटना के समय चौकी में मौजूद एक डिलीवरी बॉय कांच लगने से घायल हो गया. धमाके की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. हालांकि एक संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी का दावा किया है. 

Read more!

रात करीब 9 बजे हुआ धमाका

यह घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब 9 बजे हुई. अचानक हुए विस्फोट से चौकी में अफरा-तफरी मच गई. धमाके की आवाज के साथ खिड़कियों के शीशे टूटकर बिखर गए. चौकी की एक दीवार में भी हल्की दरार आ गई.

घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और डिलीवरी बॉय मौजूद थे. डिलीवरी बॉय किसी सामान की डिलीवरी करने वहां पहुंचा था. इसी दौरान हुए धमाके से टूटे कांच उसकी चपेट में आ गए और वह घायल हो गया.

फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. इसके बाद फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. टीम ने मौके से जरूरी सबूत और सैंपल जुटाए हैं. इन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है.

इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्या ने बताया कि धमाका किस चीज से हुआ, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही मिल सकेगी. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.

धमाके के बाद सामने आई धमकी भरी पोस्ट

वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके के बाद अब एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई है. 'गाजी 2' नाम के एक्स अकाउंट से की गई पोस्ट में पुलिस चौकी को उड़ाने की धमकी दी गई है. पोस्ट में तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान नाम के संगठन की ओर से धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया गया है. हालांकि, सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.