'रील बनाएंगे' कहकर शीला को गन्ने के खेत में बुलाया, फिर चाकू से किया कत्ल, गोंडा मर्डर केस का ये सच रोंगटे खड़े कर देगा!

Gonda murder case: गोंडा में एक युवती की हत्या के मामले में उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है. सोशल मीडिया से शुरू हुए रिश्ते में शक और पैसों का विवाद बढ़ गया था. आरोपी ने रील बनाने के बहाने बुलाकर गन्ने के खेत में युवती की हत्या कर दी.पुलिस जांच जारी है.

gonda
gonda

अंचल श्रीवास्तव

follow google news

Gonda murder case: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने अपनी ही गर्लफ्रेंड की चाकू मारकर हत्या कर दी. हत्या की वजह शक, ब्लैकमेलिंग और डेढ़ लाख रुपये की ठगी का बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसने जुर्म कबूल भी कर लिया है.

Read more!

गन्ने के खेत में मिला युवती का शव

पूरा मामला गोंडा के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के भीटी भदवल गांव का है, जहां 25 साल की शीला 29 मार्च को अचानक लापता हो गई. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला. इसके बाद पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी गई और जांच शुरू हुई.

करीब चार दिन बाद, 2 अप्रैल को गांव के पास एक गन्ने के खेत में युवती का शव बरामद हुआ. शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विनीत जायसवाल ने एसओजी और सर्विलांस टीम समेत कई टीमों का गठन किया. जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई.

किसने की शीला की हत्या?

जांच में सामने आया कि हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति ने नहीं बल्कि युवती के प्रेमी अरुण कुमार ने की थी. आरोपी बिहार के रोहतास का रहने वाला है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शीला और अरुण की मुलाकात साल 2022 में सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. दोनों को रील बनाने का शौक था, जिसके चलते उनके बीच नजदीकियां बढ़ीं. अरुण कई बार बिहार से गोंडा आकर शीला से मिलता था.

डेढ़ लाख रुपये दे चुका था आरोपी

जांच में खुलासा हुआ कि धीरे-धीरे दोनों के रिश्ते में खटास आने लगी. आरोपी अरुण का आरोप है कि शीला उससे बार-बार पैसों की मांग करती थी और ब्लैकमेलिंग भी करती थी. अरुण अब तक उसे तकरीबन डेढ़ लाख रुपये दे चुका था जिसमें ऑनलाइन ट्रांसफर और नकद दोनों शामिल थे.

इसी दौरान उसे शक हुआ कि शीला किसी और युवक से भी संपर्क में है. शक और लगातार आर्थिक दबाव ने अरुण को इतना तोड़ दिया कि उसने हत्या की साजिश बना ली.

रील का बहाना बनाकर बुलाया

29 मार्च को अरुण ने शीला को गन्ने के खेत में बुलाया. उसने झांसा दिया कि दोनों मिलकर रील शूट करेंगे. जैसे ही शीला वहां पहुंची, अरुण ने उसके दोनों हाथ पीछे की ओर बांध दिए और चाकू से उसका गला काट दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया.

तकनीकी सर्विलांस से हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस नेटवर्क की मदद से आरोपी को ट्रैक किया और उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में अरुण ने हत्या की बात स्वीकार कर ली. उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया. कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

    follow google news