Gorakhpur Honeymoon Assault Case: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. आरोप है कि अंडमान निकोबार में हनीमून मनाने गई नवविवाहिता को अचानक पीरियड्स आने पर पति आगबबूला हो गया और उसने 'मूड खराब करने' की बात कहकर पत्नी के साथ जमकर मारपीट की तथा गला दबाने का प्रयास किया. पीड़िता की शिकायत पर करीब 3 साल बाद गोरखपुर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
20 लाख नकद और कार देने के बाद भी प्रताड़ना
मामला गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र का है. पीड़िता की शादी 30 मई 2023 को दिल्ली के पटपड़गंज स्थित एक मैरिज लॉन में दिल्ली निवासी निखिल मिश्रा के साथ हुई थी. पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि शादी से पहले ही ससुराल पक्ष ने ब्रांडेड सामान देने की मांग रखी थी. शादी में लड़की के पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर करीब ₹20 लाख नकद, एक हुंडई कार और लगभग ₹40 लाख का सामान दहेज में दिया था. इसके बावजूद विदा होकर दिल्ली पहुंचने के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज मिलने का ताना देकर उसे प्रताड़ित करने लगे.
अंडमान में हनीमून के दौरान हैवानियत
शादी के करीब एक महीने बाद 4 जुलाई 2023 को नवविवाहित जोड़ा हनीमून मनाने अंडमान निकोबार गया था. आरोप है कि वहां अचानक पीड़िता को पीरियड्स आ गए और पेट में तेज दर्द होने लगा. सहानभूति जताने के बजाय पति निखिल मिश्रा भड़क गया और उसने चिल्लाते हुए कहा, "जब तुम्हें पता था तो हनीमून पर क्यों आई, तुमने मेरा पूरा मूड खराब कर दिया, अब मैं तुम्हारे साथ नहीं रह सकता." इसके बाद आरोपी पति ने लात-घूंसों से उसकी पिटाई की और गला दबाने का प्रयास किया.
यह पढ़ें: हनीमून मनाने गई महिला ने बनाई रील तो उठा ले गई मेरठ पुलिस, फिर सामने आई चौंकाने वाली क्राइम स्टोरी
होटल स्टाफ ने दरवाजा खटखटाकर बचाई जान
कमरे से पीड़िता के चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनकर होटल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया. कर्मचारियों की मौजूदगी का अहसास होते ही आरोपी पीछे हट गया. इसके बाद आरोपी ने लड़की के पिता को फोन कर गाली-गलौज की और बेटी को ले जाने को कहा. दिल्ली लौटने के बाद जब पीड़िता ने पूरी बात अपनी सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडे को बताई, तो उन्होंने भी उसका साथ देने के बजाय प्रताड़ित किया. शादी के महज 45 दिन बाद यानी 14 जुलाई 2023 को उसे घर से बाहर निकाल दिया गया.
SSP के आदेश पर 3 साल बाद FIR दर्ज
पीड़िता के परिवार ने पहले कई बार समझौता कराने और रिश्ता बचाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी. आरोप है कि पति व्हाट्सएप पर लगातार धमकियां देता रहा और दहेज का सामान भी वापस नहीं किया. थक-हारकर पीड़िता के परिजन गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. कौस्तुभ से मिले. एसएसपी के निर्देश पर रामगढ़ताल थाने में पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: नोएडा: हनीमून मनाकर लौटी दुल्हन पहुंची थाने, फिर पुलिस को सुनाई दर्दभरी कहानी, बताई पति की एक-एक हरकत
ADVERTISEMENT


