बेडरूम में आपत्तिजनक स्थिति में पत्नी के साथ था यूट्यूबर प्रेमी, अचानक आ धमका पति, फिर जो हुआ... दहल गया पूरा गोरखपुर!

गोरखपुर में एक शख्स ने अपनी पत्नी को उसके यूट्यूबर प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ने के बाद गुस्से में दोनों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया.

गौरखपुर से आया बेवफाई का मामला
गौरखपुर से आया बेवफाई का मामला

गजेंद्र त्रिपाठी

follow google news

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. यहां तमिलनाडु में रहकर कमाने वाले एक शख्स ने जब अचानक घर लौटकर अपनी पत्नी को उसके यूट्यूबर प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा तो वो अपना आपा खो बैठा. गुस्से से आगबबूला पति ने धारदार हथियार और डंडे से दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया. 

Read more!

10 साल पहले हुई थी शादी

यह पूरी घटना गोरखपुर के झंगा थाना क्षेत्र के पिपरपाती गांव की है. गांव के रहने वाले जितेंद्र निषाद की शादी करीब 10 साल पहले गुंजा देवी से हुई थी. दोनों के दो छोटे बेटे भी हैं. जितेंद्र अपने परिवार का पेट पालने के लिए तमिलनाडु में काम करता था और घर से दूर रहता था. वह करीब 15 दिन पहले ही अपने गांव लौटा था, लेकिन उसे अंदाजा भी नहीं था कि उसकी गैर-मौजूदगी में घर में क्या चल रहा है.

बेडरूम का दरवाजा खुलते ही सामने आया खौफनाक नजारा

जानकारी के मुताबिक रविवार 17 मई की शाम गुंजा देवी ने अपने परिचित कुलदीप शर्मा को घर पर बुलाया था. कुलदीप पास के ही गांव का रहने वाला है जो कि एक यूट्यूबर और ऑटो चालक है. शाम करीब 5:00 बजे कुलदीप ऑटो से गुंजा के घर पहुंचा और दोनों अंदर कमरे में थे.

इसी बीच करीब 5:30 बजे पति जितेंद्र अचानक घर आ धमका. जैसे ही उसने अपने बेडरूम का दरवाजा खोला, सामने पत्नी और कुलदीप को एक साथ देखकर उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.

धारदार हथियार से हमला

गुस्से में अंधा हो चुके जितेंद्र ने घर में रखा धारदार हथियार उठाया और सीधे कुलदीप पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमला इतना घातक था कि कुलदीप के कान और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं और वह दर्द से तड़पने लगा. इसके बाद भी जितेंद्र का गुस्सा शांत नहीं हुआ, उसने पास ही पड़े डंडे से अपनी पत्नी गुंजा के सिर पर भी जोरदार वार कर दिया, जिससे वह भी लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी. कुछ ही सेकंड्स में पूरा कमरा खून से सन गया और वारदात को अंजाम देकर आरोपी जितेंद्र मौके से फरार हो गया.

एम्स में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे दोनों

घर के अंदर से आ रही चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. अंदर का खौफनाक मंजर देखकर गांव वालों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया. फिलहाल गुंजा और कुलदीप दोनों का इलाज गोरखपुर एम्स (AIIMS) में चल रहा है, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त दोनों बच्चे अपने मामा के घर गए हुए थे.

पहले से ही था अफेयर का शक, आरोपी पति गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आया है कि जितेंद्र को काफी समय से अपनी पत्नी और कुलदीप के रिश्ते पर शक था. कुछ दिन पहले उसने दोनों का एक वीडियो भी देखा था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद भी हुआ था.

मामले की जानकारी देते हुए स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया, "17 मई की शाम सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी. घायल कुलदीप शर्मा के भाई की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी पति जितेंद्र निषाद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और हमले में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है. फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है."

 

    follow google news