ग्रेटर नोएडा के गोपाल शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश, एनकाउंटर में पकड़े गए तीनों आरोपी

ग्रेटर नोएडा के जेवर में 15 वर्षीय गोपाल शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो आरोपी मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए. जांच में सामने आया कि गोपाल की दादी द्वारा डांटने का बदला लेने के लिए आरोपियों ने हुक्का पिलाकर उसकी हत्या कर दी थी. मामले में अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं.

NewsTak
पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार.

अरुण त्यागी

follow google news

ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना इलाके के गोपाल शर्मा हत्याकांड में बड़ा अपडेट आया है. पुलिस ने इस हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. ये आरोपी पुलिस की नाकाबंदी देख भागने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बचकर भागने के लिए फायरिंग भी की. जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैरों में पुलिस की गोली गली है. पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार भी बरामद किया है. दो आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 

Read more!

ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि ये सारा मामला डांट के बाद बदला लेने की नीयत से किया गया है. 15 वर्षीय मृतक गोपाल शर्मा की दादी ने आरोपियों को डांटा था. आरोपियों ने इसी बात का बदला लेते हुए गोपाल की हत्या कर दी थी. 

क्या है पूरा मामला? 

ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के बनवारी वास गांव का रहने वाला 15 साल का गोपाल शर्मा 21 मई को गायब हो गया. परिजनों ने थाने में इसकी जानकारी दी. पुलिस टीमें गठित हुईं और बच्चे की तलाश शुरू की गई. दो दिन बाद 23 मई की सुबह गोपाल का शव पास के रोही गांव स्थित एक सुनसान मकान से मिला. पता चला कि इस खाली मकान में नशे करने वाले जुटते हैं और हुक्का वगैरह पीते हैं. मकान में किशोर का शव मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया. 

जांच में 3 लोगों का पता चला

पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस व अन्य साक्ष्य के माध्यम से जांच को आगे बढ़ाया तो 3 लोगों के बारे में जानकारी हुई. पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी. बुधवार को पुलिस ने आरोपियों को मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा. पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई. पुलिस की गोली दो आरोपियों के पैरों में लगी. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. दो आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया. 

हुक्का और बदले की क्या है पूरी कहानी ?

जिस मकान में पुलिस को गोपाल शर्मा का शव मिला वो उसके गांव के बगल वाले गांव में स्थित है. गोपाल भी यहां आरोपियों के साथ हुक्का पीता था. गोपाल की दादी को पता चला तो वो एक दिन गईं और हुक्का पीते देख आरोपियों को खूब सुनाया. उन्होंने उलाहना दी कि उनके पोते गोपाल को वे सब बिगाड़ रहे हैं. डांट-फटकार लगाकर दादी चली गईं. इधर गोपाल ने भी उस तरफ जाना छोड़ दिया. कई दिनों के बाद गोपाल फिर वहां पहुंचा. आरोपियों ने गोपाल को ज्यादा तंबाकू डालकर हुक्का पिला दिया. उसे नशा हो गया. आरोपियों ने दादी का बदला पोते पर निकाला और उसका सिर दीवार पर दे मारा. गोपाल बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा. ये देख आरोपी वहां से फरार हो गए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश और मोहित (निवासी रोही) तथा उमेश (निवासी चंपारण, बिहार) के रूप में हुई है.

कुकर्म, अंग कटे और तेजाब वाली बात झूठ

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतक के साथ कुकर्म, प्राइवेट पार्ट काटने और तेजाब डालने जैसी बातें झूठी और अफवाह हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट्स में ये बातें सामने नहीं आई हैं.

 'जिनको सास-ससुर पसंद नहीं वे अनाथालय में...' तंज और दहेज की भूख ने ले ली श्वेता सिंह की जान, लखनऊ के ठाकुरगंज की क्या है पूरी कहानी ?
 

    follow google news