Greater Noida PNB scam: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में करोड़ों रुपये के हेराफेरी और गबन का मामला सामने आया है. खाताधारकों की FD तोड़कर और खातों से रकम गायब करने के इस मामले में अब तक 37 लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. मामले के सामने आने के बाद बैंक के बाहर लगातार हंगामा हो रहा है. इस बीच अब मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं.
ADVERTISEMENT
ग्रेटर नोएडा PNB बैंक में करोड़ों का गबन
ग्रेटर नोएडा स्थित सेक्टर पाई-1 के पीएनबी बैंक में हुए करोड़ों के हेराफेरी की जांच अभी भी जारी है. अधिकारी बैंक के अंदर हर एक पहलू की गहराई से जांच कर रहे हैं. इस मामले में बैंक प्रबंधन ने सख्त कदम उठाते हुए मैनेजर सहित पांच कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है, जबकि बैंक का पूरा स्टाफ भी बदल दिया गया है. पुलिस और बैंक की एंटी करप्शन टीम मिलकर यह पता लगाने में जुटी है कि रकम किस तरह दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई.
झारखंड के खातों में ट्रांसफर हुए पैसे
जांच में यह बात सामने आई है कि खाताधारकों के गायब हुए पैसे झारखंड के खातों में ट्रांसफर किए गए हैं. हैरान करने वाली बात यह है कि बैंक की एक कर्मचारी भी झारखंड की ही रहने वाली थी, जिसके चलते पुलिस को बैंक के किसी कर्मचारी की मिलीभगत पर शक है. नोएडा पुलिस ने बैंक से तमाम दस्तावेज मांग लिए हैं और हर एंगल से इस बड़े गबन की जांच की जा रही है.
पीड़ितों का दर्द: किसी की बेटी का इलाज अटका, किसी का टूटा सपना
इस बैंक गबन ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है. पीड़ित खाताधारकों में ऐसे लोग भी हैं जिनकी कहानियां दिल दहला देने वाली हैं. संजय नाम के खाताधारक ने बताया कि उनकी बेटी विकलांग है और डॉक्टर ने इलाज के लिए पैसे मांगे थे. वह अपनी 10 लाख रुपये की एफडी तुड़वाने बैंक आए थे, तब उन्हें इस गबन का पता चला. सिलाई का काम कर परिवार चलाने वाले संजय अब अपनी बेटी के इलाज को लेकर बेहद परेशान हैं.
वहीं, जलेबी और समोसे की दुकान चलाने वाले बृजेश की कहानी भी कम दर्दनाक नहीं है. जेवर एयरपोर्ट की जमीन में गए खेत के मुआवजे के रूप में उनकी मां के खाते में करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये आए थे. जब वह 27 तारीख को पैसे निकालने पहुंचे, तो उन्हें गबन का पता चला. उस दिन उनकी बेटी का जन्मदिन था और उसने केक की इच्छा जताई थी, लेकिन इस खबर के बाद उसने खुद ही जन्मदिन मनाने से मना कर दिया.
बैंक अधिकारियों का दावा, सीबीआई को दी शिकायत
पंजाब नेशनल बैंक के दिल्ली-NCR के जोनल मैनेजर राजेश भौमिक ने बयान दिया है कि बैंक की तरफ से इस मामले की शिकायत सीबीआई को दे दी गई है और बैंक की आंतरिक जांच भी चल रही है. उन्होंने कहा कि मीडिया में जो 100 करोड़ रुपये तक की चर्चा चल रही है, उतनी बड़ी रकम नहीं है. जोनल मैनेजर ने भरोसा दिलाया कि सभी जेन्युइन ग्राहकों का पैसा ब्याज के साथ सुरक्षित वापस लौटाया जाएगा. प्रक्रिया में थोड़ा समय लग रहा है, और बैंक ने दूसरे दिन ही तीन ग्राहकों को भुगतान करना शुरू भी कर दिया है.
यह भी पढ़ें: आजम खान-अब्दुल्ला आजम को दो पैन कार्ड मामले में राहत, लेकिन इस मांग को अदालत ने किया खारिज?
ADVERTISEMENT


