Greater Noida Ismail Murder Case: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में 8 नवंबर को हुई इस्माइल की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. इस दौरान दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और लोहे की रॉड के अलावा अवैध तमंचे और चोरी करने के उपकरण बरामद किए हैं.
ADVERTISEMENT
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस से हुआ सामना
यह मामला ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 को रबूपुरा पुलिस की टीम पुरानी मिर्जापुर रोड से रुस्तमपुर जाने वाली सड़क के टी-प्वाइंट पर वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान सेक्टर-20, YEIDA की तरफ से दो संदिग्ध मोटरसाइकिलें आती दिखाई दीं.
पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को रोकने का इशारा किया, लेकिन उन पर सवार लोग तेजी से भागने लगे. पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो कुछ दूर जाकर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई. पुलिस ने बताया खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. ऐसे में इसके बाद उन्होंने ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की.
मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, दो अन्य भी गिरफ्तार
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी. इनकी पहचान राजकुमार (22) निवासी गेसूपुर भराना, सिकंदराबाद, बुलंदशहर और सचिन (22) निवासी बझेड़ा, कपूरपुर, हापुड़ के रूप में हुई है. दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. वहीं, पुलिस ने मौके पर कॉम्बिंग अभियान चलाया. इस दौरान आरोपियों के दो अन्य साथियों कमल (26) निवासी गेसूपुर, सिकंदराबाद और हरेन्द्र उर्फ हतेन्द्र (30) निवासी गेसूपुर भराना, सिकंदराबाद को भी गिरफ्तार कर लिया गया. इस तरह पुलिस ने मामले में कुल चार आरोपियों को पकड़ा है.
चोरी करने पहुंचे थे आरोपी, इस्माइल की कर दी हत्या
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि चारों आरोपी 8 नवंबर 2026 को चोरी करने के इरादे से रबूपुरा क्षेत्र में नहर किनारे स्थित एक खेत में पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने मेंहदीपुर के इस्माइल की हत्या कर दी. इसके बाद आरोपियों ने शव को वहीं फेंक दिया था.
इस घटना के संबंध में थाना रबूपुरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. ऐसे में अब पुलिस ने जांच और पूछताछ के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया है.
हत्या में इस्तेमाल चाकू और लोहे की रॉड बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा दो मोटरसाइकिलें भी मिली हैं, जिनमें एक FZ और दूसरी TVS अपाचे है. वहीं, हत्या में इस्तेमाल किया गया एक अवैध चाकू और लोहे की मोटी रॉड का टुकड़ा भी बरामद हुआ है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से चोरी करने के उपकरणों में एक प्लास और एक पेचकस के साथ पांच खाली प्लास्टिक के कट्टे भी मिले हैं. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य जानकारियां जुटाई रही हैं.
ADVERTISEMENT


