Greater Noida Baby Selling Case: यूपी के ग्रेटर नोएडा से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. आरोप है कि यहां एक निजी अस्पताल की मालकिन और उसका स्टाफ मिलकर 5 दिन की एक नवजात बच्ची को बेचने कोशिश कर रहा था. जब घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो उसके एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और बाल कल्याण समिति के साथ मिलकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया. मामले में पुलिस ने अस्पताल के मालकिन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों ने बच्ची का सौदा 2 लाख 60 हजार रुपए में तय किया था. फिलहाल पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर सभी आरोपियों गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
जानिए कैसे खुला मामला?
दरअसल, इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब एक व्यक्ति ने इंटरनेट मीडिया पर बच्चा गोद लेने की पोस्ट की थी. ये पोस्ट देखने के बाद बिसरख क्षेत्र के एक प्राइवेट अस्पताल की नर्स ने उस व्यक्ति से संपर्क किया और बच्चा दिलाने की बात कही. इसके लिए उसने व्यक्ति से 2.60 लाख रुपये की डिमांड की. इसके व्यक्ति ने सतर्कता बरतते हुए चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर 1098 पर सूचना दी. मामले को अधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए जाल बिछाया और खरीदार बनकर आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई.
सादे कपड़ों में पुलिस ने दी दबिश
योजना के मुताबिक आरोपी नर्स ने शनिवार शाम चार बजे इकोटेक 3 क्षेत्र के कुलेसरा में बच्ची की डिलीवरी के लिए बुलाया गया. एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), बाल कल्याण समिति और पुलिस की संयुक्त टीम दोपहर दो बजे से ही सादे कपड़ों में वहां तैनात हो गई थी. जैसे ही नर्स बच्ची को लेकर मौके पर पहुंची तो टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया. जांच में बच्ची के शरीर पर लगे स्टीकर से पुष्टि हुई कि वह एक निजी अस्पताल की है जिसके बाद अस्पताल की मालकिन की मिलीभगत सामने आई गई.
डीसीपी ने दी गिरफ्तारी की जानकारी
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि 21 तारीख को इस सौदे की सूचना मिली थी. इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस और HTU टीम ने 5 दिन की बच्ची को बरामद किया और आरोपियों को बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश किया. पुलिस ने इस मामले में अस्पताल की संचालिका सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें: बागपत में हुआ चमत्कार! 11 साल बाद जिंदा लौटी मां, बेटों के होश उड़ गए, गांव में DJ पर मना जश्न
ADVERTISEMENT


