उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में त्योहारों से पहले मिठाई की दुकानों पर प्रशासन की जांच के दौरान हैरान करने वाला मामला सामने आया. खाद्य विभाग की टीम के साथ एसडीएम की छापेमारी के दौरान एक मिठाई दुकानदार ने अपनी ही दुकान की मिठाई खाने से इनकार कर दिया. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
मामला मौदहा कस्बे की मां वैष्णो जय भवानी स्वीट हाउस का बताया जा रहा है. प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम यहां मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच करने पहुंची थी. इसी दौरान अधिकारियों ने दुकान संचालक अन्नी बाबा को सिल्वर वर्क लगी मिठाई का एक टुकड़ा खाने के लिए दिया.
अधिकारियों के कहने के बावजूद दुकानदार ने मिठाई खाने से साफ इनकार कर दिया. टीम ने उससे कई बार कहा कि यह उसी की दुकान की मिठाई है, लेकिन उसने इसे खाने से मना कर दिया. इसके बाद अधिकारियों ने मिठाई का सैंपल लिया. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मिलावट को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, मिठाई में मिलावट है या नहीं, यह प्रयोगशाला जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.
कई दुकानों से लिए गए मिठाइयों के सैंपल
खाद्य विभाग के सहायक कमिश्नर गोरी शंकर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौदहा की कई मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया. टीम ने बिक्री के लिए रखी मिठाइयों की गुणवत्ता के साथ दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति भी देखी.
अधिकारियों ने अलग-अलग दुकानों से मिठाइयों के कई नमूने लिए. इन सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. निरीक्षण के दौरान दो दुकानों पर साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली. अधिकारियों ने कुछ मिठाइयों में प्रतिबंधित सिल्वर वर्क के इस्तेमाल की बात भी सामने आने की जानकारी दी.
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
एसडीएम करनवीर सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. दुकानों में स्वच्छता और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की भी जांच की जा रही है.
उन्होंने कहा कि सैंपल की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद अगर मिलावट या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
छापेमारी की सूचना फैलते ही मौदहा के दूसरे मिठाई दुकानदारों में भी हलचल मच गई. प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय, कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार और पुलिस बल भी मौजूद रहा.
ADVERTISEMENT


