Hapur: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण का मामला सामने आया है. जिला पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक घर से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद किए गए. पुलिस के अनुसार यह सिलेंडर कालाबाजारी की आशंका में जमा किए गए थे.
ADVERTISEMENT
असौड़ा गांव में देर रात छापेमारी
यह कार्रवाई हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के असौड़ा गांव में की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के फूटा कुआं स्थित पंचायती घर के पास रहने वाला रिहान अपने घर में बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर जमा कर रहा है. सूचना के आधार पर जिला पूर्ति विभाग की टीम ने हापुड़ देहात थाना पुलिस के साथ मिलकर देर रात छापा मारा.
घर के अंदर मिले बड़ी संख्या में सिलेंडर
छापेमारी के दौरान टीम को घर के अंदर बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर रखे मिले. जांच करने पर कुल करीब 55 सिलेंडर बरामद हुए. अधिकारियों के मुताबिक इन सिलेंडरों को बिना किसी वैध अनुमति के जमा किया गया था.
कालाबाजारी की आशंका
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घरेलू गैस की कमी की अफवाहों के बीच आरोपी ने मुनाफा कमाने के उद्देश्य से सिलेंडरों को जमा कर रखा था. आशंका है कि इन्हें ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बनाई जा रही थी.
पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी रिहान मौके से फरार हो गया. फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है.
गैस एजेंसी को सौंपे गए सिलेंडर
छापेमारी में बरामद सभी सिलेंडरों को कब्जे में लेकर संबंधित गैस एजेंसी को भेज दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस का बयान
थाना हापुड़ देहात के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि जिला पूर्ति विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई में रिहान के घर से 55 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं. मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो देखिए
ADVERTISEMENT


