उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है जिसे सुनकर अगली बार आप भी बाजार से पानी की बोतल खरीदने से पहले सौ बार सोचेंगे. यहां अर्जुन नगर इलाके में एक युवती को प्यास बुझाना बेहद भारी पड़ गया. आरोप है कि दुकानदार ने उसे पानी की जो सीलबंद बोतल दी, उसमें पानी की जगह खौफनाक तेजाब (एसिड) भरा हुआ था. पानी समझकर जैसे ही युवती ने उसकी पहली घूंट भरी, वह चीख पड़ी. एसिड अंदर जाते ही उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई, जिसके बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया.
ADVERTISEMENT
प्यास बुझाने के लिए खरीदी थी बोतल
दिल दहला देने वाला यह पूरा वाकया हापुड़ के नगर कोतवाली इलाके के अर्जुन नगर मोहल्ले का है. बताया जा रहा है कि पीड़ित युवती रास्ते से गुजर रही थी और उसे तेज प्यास लगी थी. वह पास ही की एक दुकान पर रुकी और दुकानदार से पानी की बोतल मांगी. दुकानदार ने उसे एक नामचीन और भरोसेमंद ब्रांड की पानी की बोतल थमा दी.
युवती को जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिसे वह पानी समझ रही है, वह उसकी जान का दुश्मन बन जाएगा. जैसे ही उसने बोतल खोलकर पानी पिया, उसके गले और पेट में भयानक जलन होने लगी. देखते ही देखते उसकी स्थिति बिगड़ने लगी और वह दर्द से तड़प उठी.
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
इस खौफनाक घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग और परिजन तुरंत दौड़कर वहां पहुंचे और युवती को नजदीकी अस्पताल ले गए. डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे प्राथमिक इलाज दिया और बेहतर इलाज के लिए तुरंत मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां फिलहाल जिंदगी और मौत के बीच उसकी जंग जारी है.
इस बीच, सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवती दुकान पर पहुंचकर पानी की बोतल खरीद रही है. इस फुटेज के सामने आने के बाद से इलाके के लोगों में भारी गुस्सा और दहशत का माहौल है.
मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस फौरन एक्शन में आ गई है. पुलिस ने दुकान और उसके आसपास के साक्ष्यों को कब्जे में ले लिया है और मामले की बारीकी से जांच कर रही है.
पुलिस सबसे पहले यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर एक नामचीन ब्रांड की सीलबंद बोतल के भीतर एसिड कैसे पहुंचा? क्या यह मैन्युफैक्चरिंग लेवल पर हुई कोई बड़ी लापरवाही है या फिर इसके पीछे किसी की सोची-समझी साजिश है? इसके अलावा दुकानदार ने जो बोतल बेची क्या वह असली थी या उसमें कोई मिलावट की गई थी?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल सीसीटीवी फुटेज और दुकान के स्टॉक की जांच की जा रही है. इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बहरहाल, इस घटना ने बाजार में बिकने वाले पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की सुरक्षा पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है.
ये भी पढ़ें: कौशांबी में स्कूल बनी जंग का मैदान! टीसी मांगने गए अभिभावक को प्रधानाध्यापिका ने जूतों से पीटा, वीडियो वायरल
ADVERTISEMENT


