Hapur bus accident: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. यहां धौलाना गुलावटी मार्ग पर बारात से लौट रही एक बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई. ये टक्कर इतनी भयानक थी कि बस से टकराने के बाद ट्रक उसके ऊपर ही पलट गया. इस हादसे में बस में सवार बाराती ट्रक के नीचे दब गए जिससे 6 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं इस घटना में सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
ADVERTISEMENT
भीषण टक्कर के बाद बस पर पलटा ट्रक
जानकारी के मुताबिक, बस बारातियों को लेकर गाजियाबाद के डासना से वापस लौट रही थी, इसी दौरान जैसे ही वो धौलाना क्षेत्र में पहुंची तो यहां बस सामने आ रहे ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी. चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर ट्रक बस के ऊपर जा गिरा जिसके कारण बस में सवार यात्री मलबे के नीचे दब गए. चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
देखें हादसे का वीडियो
दूल्हे के पिता समेत 6 बारातियों की मौत
इस सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 6 लोगों में दूल्हे के पिता भी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार बस में कुल 12 लोग सवार थे जिनमें से 6 की जान जा चुकी है. मृतकों में से 1 व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही हापुड़ के एसपी ज्ञानंजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. राहत कार्य शुरू कर ट्रक को बस के ऊपर से हटाया गया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया. हादसे में घायल सात बारातियों को तुरंत रमा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने सभी छह शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मौके से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य करा दिया गया है. पुलिस अब हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए कोशिश कर रही है.
ADVERTISEMENT


