उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. शादियों में अक्सर रिश्तेदारों के रूठने-मनाने की खबरें आती हैं, लेकिन यहां एक चाचा ने नाराजगी में जो कदम उठाया, उसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है. भतीजे की शादी का कार्ड न मिलना सगे चाचा को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने वेल्डिंग मशीन बुलवाकर घर का मुख्य दरवाजा ही सील कर दिया.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
मामला जालौन कोतवाली क्षेत्र के नगर इलाके का है. यहां रहने वाले एक युवक की शादी थी और बारात धूमधाम से रवाना हुई थी. बताया जा रहा है कि परिवार में पुरानी अनबन के चलते भतीजे ने अपने सगे चाचा को न्योता नहीं दिया था. इसी बात से आहत होकर चाचा ने बदले की अनोखी योजना बनाई.
जब दुल्हन के लिए बंद मिला दरवाजा
जब दूल्हा अपनी दुल्हन को विदा कराकर घर लौटा, तो वहां का नजारा देखकर सब सन्न रह गए. घर के मेन गेट पर न केवल ताला लटका था, बल्कि उसे वेल्डिंग मशीन से पूरी तरह फिक्स कर दिया गया था. दुल्हन और बाराती घंटों घर के बाहर खड़े रहे, लेकिन अंदर जाने का कोई रास्ता नहीं था.
पुलिस ने कटवाई वेल्डिंग
हंगामा बढ़ता देख मामले की सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची जालौन पुलिस ने स्थिति को संभाला और वेल्डिंग काटने वाले मिस्त्री को बुलाया. काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खोला जा सका, तब कहीं जाकर पुलिस की मौजूदगी में दुल्हन का गृह प्रवेश कराया गया. पुलिस का कहना है कि यह पारिवारिक विवाद का मामला है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: Aleem Siddiqui
ADVERTISEMENT


