दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में एक युवती के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है. इस पूरे मामले में उत्तर प्रदेश में जीरो FIR दर्ज की गई है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर हाल ही में जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो में रुचिका सिंह नाम की युवती पीएम मोदी से 'जागने' की अपील करते हुए कई आपत्तिजनक और अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करती नजर आई. जिसमें इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का भी जिक्र किया गया था.
इस वीडियो के सामने आने के बाद गाजियाबाद की रहने वाली स्मृति सिंह ने शिकायत दर्ज कराई. शिकायतकर्ता का आरोप है कि 23 जुलाई 2026 को प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक मंच से पीएम के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई और सामाजिक तनाव फैलाने का प्रयास किया गया.
ट्रांसफर हुई जीरो FIR
अब क्योंकि ये घटना दिल्ली के जंतर-मंतर क्षेत्र की है इसलिए शुरुआती कार्रवाई के तहत नोएडा के गौतम बुद्ध नगर के एक्सप्रेसवे थाने में 29 जुलाई 2026 को जीरो FIR दर्ज की गई. अब इस मामले को आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है. आरोपी महिला मूल रूप से फरीदाबाद की रहने वाली है और नोएडा में रहती थी. अब इस मामले की आगे की जांच दिल्ली पुलिस द्वारा की जाएगी.
युवती पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की इन धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है:
- धारा 352: अपमानजनक या उकसावे वाले व्यवहार से शांति भंग करने की आशंका.
- धारा 353 (1): भड़काऊ या सौहार्द बिगाड़ने वाले बयान फैलाना.
- धारा 356 (1): मानहानि (Defamation).
सोशल मीडिया पोस्ट्स पर भी दिल्ली पुलिस का एक्शन
इस मामले के अलावा दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल IFSO इकाई ने भी जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान पीएम मोदी को निशाना बनाने वाली आपत्तिजनक और मानहानिकारक सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को ऐसे कंटेंट को तुरंत हटाने के भी निर्देश दिए हैं.
जंतर-मंतर पर भाषण के दौरान टिप्पणी का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जंतर-मंतर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान रुचिका सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया. शिकायतकर्ता का आरोप है कि भाषण में ऐसी टिप्पणियां की गईं, जिनसे संवैधानिक पद की गरिमा प्रभावित हुई और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका पैदा हुई. ये फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोप हैं. मामले में पुलिस जांच के बाद ही घटनाक्रम और आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी.
ये भी पढ़ें: PM मोदी के खिलाफ टिप्पणी पर नोएडा की महिला पर FIR, दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया केस
ADVERTISEMENT


