जौनपुर: बारात लेकर घर से निकला दुल्हा, अचानक किस ने कर दी गोलियों की बरसात, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान

जौनपुर में बारात लेकर निकले दूल्हे आजाद बिंद की बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी. शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं और पुलिस लड़की के ही एक नाराज रिश्तेदार को इस वारदात का मुख्य आरोपी मान रही है.

जौनपुर
जौनपुर

सुषमा पांडेय

follow google news

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक घर में जहां शहनाइयां बज रही थी और दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने के लिए बारात लेकर निकला था, वहां अब मातम पसरा हुआ है. सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के रहने वाले आजाद बिंद की बदमाशों ने उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी, जब वह अपनी शादी के लिए जा रहे थे.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, आजाद बिंद की बारात खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव जा रही थी. फूलों से सजी कार में दूल्हा आजाद अपने दोस्तों और परिजनों के साथ सवार था. घर से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर ही पहुंचे थे कि बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने कार को घेर लिया. बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें आजाद को तीन गोलियां लगीं.

'मैं अब नहीं बचूंगा'

कार में मौजूद चश्मदीदों के मुताबिक, हमला इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. घायल आजाद को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. चश्मदीद ने बताया कि अस्पताल ले जाते समय आजाद के आखिरी शब्द थे, "शायद मैं अब नहीं बचूंगा." अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पहले से मिल रही थी धमकियां

मृतक के परिजनों का आरोप है कि आजाद को पहले से धमकियां मिल रही थीं. परिजनों ने बताया कि करीब 3 साल पहले भी आजाद पर हमला हुआ था, जिसमें उसका हाथ-पैर तोड़ दिया गया था. दूल्हे की बहन के अनुसार, शादी के दौरान किसी अनहोनी की आशंका पहले से थी और इस बारे में पुलिस को भी अंदेशा दिया गया था, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हुए.

पुलिस की कार्रवाई और वजह

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस अधीक्षक (SP) के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि शादी से नाराज लड़की के ही एक रिश्तेदार ने अपने साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है. आरोपियों की पहचान प्रदीप और रवि के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं और दावा किया है कि जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे.

 

    follow google news