कौन हैं कांस्टेबल संदीप यादव, जिन्होंने देसी अंदाज में सुलझाया खेत की मेड़ का विवाद? अब वीडियो हो रहा वायरल

मधुर यादव

02 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 2 2026 9:34 AM)

Sandeep Yadav Constable Viral Video: यूपी के जौनपुर में पेड़ और मेड़ काटने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. मौके पर पहुंचे सिपाही संदीप यादव ने बिना किसी कानूनी चाबुक के अपनी देसी बोली में समझाकर मामले को शांति से सुलझा दिया. सिपाही के इस देसी और दिल छू लेने वाले अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

जौनपुर पुलिस के कांस्टेबल संदीप यादव का वीडियो वायरल
जौनपुर पुलिस के कांस्टेबल संदीप यादव का वीडियो वायरल
Google CTA

Jaunpur Constable Sandeep Yadav Viral Video: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से खाकी का एक ऐसा चेहरा सामने आया है जिसकी हर तरफ तारीफ हो रही है. अक्सर जमीन-जायदाद और मेड़ के विवाद थाने और कचहरी तक पहुंचकर सालों-साल मुकदमों की बलि चढ़ जाते हैं. लेकिन जौनपुर में तैनात कांस्टेबल संदीप यादव ने अपनी सूझबूझ और देसी अंदाज से एक बड़े विवाद को थाने की चौखट तक पहुंचने से पहले ही सुलझा दिया. बकायदा उन्होंने इसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया. अब उनका ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और साेशल मीडिया पर लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे है.  

Read more!

पेड़ और मेड़ काटने पर आमने-सामने आ गए थे दो पक्ष

पूरा मामला जौनपुर के एक गांव का है, जहां खेत में लगे पेड़ और मेड़ (खेत की सीमा) को काटने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे. विवाद बढ़ता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर जब कांस्टेबल संदीप यादव पहुंचे, तो उन्होंने कार्रवाई और मुकदमों की धमकियां देने के बजाय दूसरा रास्ता चुना और बातचीत के जरिए लोगों को समझाने की पहल की.

'मेड़ खेत की है, रिश्ते मत काटो' - देसी बोली में दी सीख

सिपाही संदीप यादव ने कानून की भारी-भरकम धाराएं गिनाने की जगह गांव की अपनी ठेठ देसी बोली में लोगों से संवाद किया. उन्होंने दोनों पक्षों की बातें बड़े ध्यान से सुनीं और समझाया कि अगर दोनों ही पक्षों ने मेड़ काटी है तो गलती दोनों की ही है, इसलिए एक-दूसरे को नीचा दिखाने के बजाय अपनी गलती पहचानकर मेड़ को सुधारना चाहिए. उन्होंने ग्रामीणों को सीख देते हुए कहा कि जीवन भर मुकदमा लड़ोगे तो बच्चों का विकास कैसे होगा, इसलिए मुकदमों पर पैसे बर्बाद करने के बजाय बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और उनके भविष्य पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने साफ कहा कि मेड़ काट लेने से जमीन या धन नहीं बढ़ जाएगा, जमीन यहीं की यहीं रह जाएगी और आपस के रिश्ते हमेशा के लिए खत्म हो जाएंगे.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, लोग कर रहे सलाम

सिपाही संदीप यादव के इस अनूठे और मित्रवत व्यवहार का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग उनके समझाने के तरीके की जमकर तारीफ कर रहे हैं. नेटिजन्स का मानना है कि अगर हर पुलिसकर्मी इसी तरह संवेदनशीलता और अपनी स्थानीय बोली में लोगों से बात करके समझाए, तो आधी से ज्यादा शिकायतें थाने की फाइल बनने से पहले ही खत्म हो सकती हैं.

कौन हैं संदीप यादव?

कांस्टेबल संदीप यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात हैं. वे इंस्टाग्राम पर भी काफी एक्टिव रहते हैं. यहां उनके करीब 54 हजार से अघिक फॉलोअर्स हैं. अक्सर वे अपने देसी अंदाज में लोगों को समझाने के तरीके को लेकर चर्चा में रहते हैं. उनका ऐसे ही एक वीडियो इस समय वायरल हो रहा है. इसमें वे जौनपुर में जमीन और मेड़ के विवाद को बातचीत से सुलझाने दिख रहे हैं. उनके इस वीडियो पर अब तक 31 लाख यानी 3.1 मिलियन से ज्यादा व्यूज आ चुके हैं. सोशल मीडिया यूजर्स उनके शांत और समझदारी भरे तरीके की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: