झांसी: बुआ कहकर छुए पैर, फिर यूं 60 हजार के जेवर लेकर फरार हुआ बदमाश, CCTV में कैद वारदात

Jhansi Crime: झांसी में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां एक जालसाज ने 70 साल की बुजुर्ग महिला के पैर छुए, उन्हें 'बुआ' कहकर बातों में फंसाया और झांसा देकर उनके करीब 60 हजार रुपये के सोने के जेवर लेकर रफूचक्कर हो गया.

Jhansi Crime
Jhansi Crime

अजय झा

follow google news

Jhansi Crime: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में बुजुर्ग महिला के साथ स्नेचिंग की घटना सामने आई है. मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के बौद्ध नगर मसीहागंज का है. जहां 70 साल की रुनिया देवी को एक युवक ने रिश्तेदारी का भरोसा दिलाकर ठग लिया. आरोपी करीब 50 से 60 हजार रुपये कीमत के सोने के झुमके और कंठी लेकर फरार हो गया. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है.

Read more!

पैर छूकर बनाया भरोसा

जानकारी के अनुसार, रुनिया देवी घर से कूड़ा फेंकने के लिए बाहर निकली थीं. तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार एक युवक उनके पास पहुंचा. उसने पहले महिला के पैर छुए और उन्हें ‘बुआ’ कहकर संबोधित किया. आरोपी ने कहा कि उसकी मां आगे बैठी हैं और आपसे मिलना चाहती हैं. इस तरह उसने बुजुर्ग महिला को बातचीत में उलझा लिया.

झुमकों की तारीफ कर रचा जाल

आरोपी ने महिला के कानों में पहने सोने के कुंडलों की तारीफ की. उसने कहा कि उसकी मां के लिए भी ऐसे ही झुमके बनवाने हैं. युवक ने एक झुमका दिखाने की बात कही. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें कुछ सुंघा दिया, जिससे वह असमंजस में आ गईं. इसी दौरान उसने चालाकी से उनके दोनों झुमके और गले की कंठी उतरवा ली.

बाइक पर बैठाकर ले गया, फिर छोड़कर भागा

महिला के मुताबिक आरोपी उन्हें बाइक पर बैठाकर कुछ दूरी तक ले गया. आगे सुनसान जगह पर उतारकर फरार हो गया. पास खड़ी एक महिला ने जब शोर मचाया तो आरोपी ने उसे धक्का दिया और मौके से निकल गया.

60 हजार के जेवरात की चोरी

घर पहुंचने पर रुनिया देवी ने पूरी घटना परिजनों को बताई. परिवार ने आसपास तलाश की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 50 से 60 हजार रुपये बताई जा रही है.

घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हुआ है. फुटेज में बाइक सवार युवक बुजुर्ग महिला के साथ दिखाई दे रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है.

 

    follow google news