उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है, जहां शादी दूसरी जगह तय होने से नाराज एक आशिक ने घर में घुसकर अपनी कथित प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने महज 5 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद आरोपी को दबोच लिया है.
ADVERTISEMENT
घर के अंदर दिनदहाड़े वारदात
यह पूरी घटना झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर की है. बुधवार की देर दोपहर 19 वर्षीय चंचल रायकवार अपने घर पर मौजूद थीं. इसी दौरान उसका कथित प्रेमी कमल रायकवार वहां पहुंचा. आरोप है कि घर के अंदर दाखिल होकर कमल ने चंचल पर गोली चला दी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
4 साल पुराना रिश्ता और खौफनाक वजह
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. परिजनों से पूछताछ और शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी कमल और मृतका चंचल पिछले करीब 4 साल से एक-दूसरे को जानते थे और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवारों द्वारा इस रिश्ते का विरोध किया जा रहा था. इसी बीच, चंचल के परिजनों ने उसकी शादी किसी अन्य जगह तय कर दी. जब इसकी जानकारी कमल को मिली, तो वह गुस्से में आ गया और उसने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया. पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि हत्या के बाद वह खुदकुशी करना चाहता था, लेकिन खून से लथपथ हालत देखकर डरकर भाग निकला.
महज 5 घंटे में पुलिस मुठभेड़ और गिरफ्तारी
वारदात के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी की तलाश के लिए तुरंत चार टीमों का गठन किया गया. पुलिस टीमों ने शहर से लेकर हाईवे तक सघन चेकिंग अभियान चलाया. घटना के करीब 5 घंटे बाद झांसी-शिवपुरी हाईवे के पास पुलिस की संदिग्धों की चेकिंग के दौरान आरोपी कमल से आमना-सामना हुआ. पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया है. घायल अवस्था में आरोपी कमल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.
ये भी पढ़ें: कौन हैं धर्मेंद्र कश्यप जो अखिलेश यादव के साथ मिलकर बिगाड़ सकते हैं BJP का बड़ा गणित
ADVERTISEMENT


