झांसी के मऊरानीपुर इलाके से पिछले दिनों पत्नी-प्रधान विवाद सामने आया था. पहले खबर आई कि एक 22 साल की महिला गांव के प्रधान पति (55) के साथ भाग गई. इससे इलाके में हलचल मच गई. लेकिन अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है. पत्नी और प्रधान पति दोनों ने इन आरोपों को गलत बताया है.
ADVERTISEMENT
क्या है मामला?
शिवगंज मोहल्ले के रहने वाले पुष्पेंद्र वर्मा ने पुलिस से शिकायत की थी. उन्होंने शिकायत में कहा कि उनकी पत्नी करिश्मा 29 अप्रैल की शाम घर से गायब हो गई. उस समय वह घर पर नहीं थे.
जब वह लौटे तो घर से करीब ढाई लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर भी नहीं मिले. पति का आरोप है कि उनकी पत्नी गांव के प्रधान पति के साथ चली गई.
पति ने क्या कहा?
पुष्पेंद्र का कहना है कि उनकी शादी साल 2024 में हुई थी. शुरू में सब ठीक था, लेकिन बाद में दोनों के बीच झगड़े बढ़ने लगे. उनका आरोप है कि प्रधान पति का घर आना-जाना बढ़ गया था. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. उन्होंने कई बार इसका विरोध किया, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा.
पत्नी ने क्या कहा?
अब मामले में नया मोड़ आ गया है, पत्नी करिश्मा खुद थाने पहुंची. उसने साफ कहा कि वह किसी के साथ भागी नहीं है. जिन पर आरोप लगाए जा रहे हैं, वे उसके लिए पिता जैसे हैं.
करिश्मा ने बताया कि वह ग्वालियर में अपने रिश्तेदार के घर गई थी और इस बात की जानकारी परिवार को थी. उसने अपने पति पर आरोप लगाया कि शादी के बाद से उसे मानसिक और दूसरी तरह की परेशानियां दी गईं.
प्रधान पति ने क्या कहा?
वहीं, प्रधान पति ने भी सभी आरोपों को झूठा बताया. उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले पंचायत में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात हुई थी. पंचायत में पति से कहा गया था कि वह पत्नी को साथ रखे या खर्च दे. उनका कहना है कि इसी बात से नाराज होकर पति ने झूठी शिकायत की है.
पुलिस क्या कर रही है?
मऊरानीपुर पुलिस ने कहा है कि शिकायत मिल चुकी है. दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी.
ADVERTISEMENT


