उत्तर प्रदेश के कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए एक सड़क हादसे के बाद ऐसा मामला सामने आया, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. कांवड़ ड्यूटी से लौट रही पुलिस की गाड़ी एक Brezza कार से टकरा गई. हादसे के बाद पुलिसकर्मी कार सवार युवकों का हाल जानने पहुंचे. दोनों युवकों की घबराहट देखकर पुलिस को शक हुआ. कार की तलाशी ली गई तो एक बैग से करीब 10 किलो सोने की ईंट बरामद हुई.
ADVERTISEMENT
रात करीब 2 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सकरावा थाना प्रभारी शुक्रवार देर रात पुलिसकर्मियों के साथ कांवड़ यात्रा की ड्यूटी से वापस लौट रहे थे. रात करीब 2 बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 171 के पास पुलिस वाहन की Brezza कार से टक्कर हो गई.
टक्कर के बाद पुलिसकर्मी तुरंत कार के पास पहुंचे. उन्होंने उसमें सवार दोनों युवकों से उनकी स्थिति के बारे में पूछा. इस दौरान युवकों के व्यवहार और घबराहट से पुलिस को शक हुआ. पुलिस को कार में किसी संदिग्ध सामान की आशंका हुई. इसके बाद वाहन की तलाशी लेने का फैसला किया गया.
बैग खोलते ही सामने आया सोना
तलाशी के दौरान पुलिस को कार के अंदर एक बैग मिला. बैग खोलने पर उसमें सोने की एक बड़ी ईंट रखी मिली. पुलिस के मुताबिक, इसका वजन करीब 10 किलोग्राम है.
इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया. कार को भी कब्जे में ले लिया गया. वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों युवकों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों में एक महाराजगंज का रहने वाला बताया जा रहा है. दूसरा युवक नेपाल का निवासी है.
नेपाल से दिल्ली ले जाने का शक
पुलिस को आशंका है कि बरामद सोना नेपाल से तस्करी के जरिए दिल्ली ले जाया जा रहा था. हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस सोने के स्रोत का पता लगाने में जुटी है. यह भी जांच की जा रही है कि सोने से जुड़े जरूरी दस्तावेज युवकों के पास थे या नहीं.
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि सोना दिल्ली में किसे सौंपा जाना था. इसके अलावा इस मामले में किसी बड़े तस्करी नेटवर्क की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है.
फिलहाल पुलिस बरामद सोने की शुद्धता और कीमत का आकलन करा रही है. दोनों युवकों से लगातार पूछताछ की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही सोने की तस्करी से जुड़े पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी.
इस मामले की सबसे खास बात यह है कि अगर पुलिस वाहन और Brezza के बीच यह टक्कर नहीं होती, तो शायद कार में छिपे 10 किलो सोने का पता नहीं चलता.
ADVERTISEMENT


