कानपुर में थाईलैंड की एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने कारोबारी मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार किया है. महिला ने आरोप लगाया है कि इरफान ने खुद को अविवाहित बताकर उससे शादी की. इसके बाद अलग-अलग कारोबारी जरूरतों के नाम पर उससे करीब 60 लाख रुपये लिए. महिला का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर उस पर भारत आकर साथ रहने और इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया.
ADVERTISEMENT
महिला के मुताबिक, करीब चार साल पहले सोशल मीडिया के जरिए उसकी इरफान से पहचान हुई थी. कारोबार के सिलसिले में इरफान का थाईलैंड आना-जाना था. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. महिला का दावा है कि करीब दो साल पहले दोनों ने थाईलैंड में स्थानीय रीति-रिवाज के अनुसार शादी की थी.
महिला ने क्या आरोप लगाए
महिला का आरोप है कि शादी के बाद भी इरफान थाईलैंड आता रहा. इस दौरान उसने अलग-अलग कारोबारी जरूरतों का हवाला देकर उससे पैसे लिए. महिला के मुताबिक, धीरे-धीरे करीब 60 लाख रुपये इरफान के पास चले गए. जब उसने रकम वापस मांगी तो कथित तौर पर उससे भारत आने और इरफान के साथ रहने को कहा गया.
महिला ने आरोप लगाया कि रकम वापस करने के लिए उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव भी बनाया गया. उसका दावा है कि उसे बुर्का पहनने के लिए भी कहा गया था. महिला ने इन शर्तों को मानने से इनकार कर दिया.
इसके बाद फरवरी 2026 में इरफान भारत लौट आया. महिला के मुताबिक, इसके बाद उसने धीरे-धीरे उससे संपर्क करना बंद कर दिया. कई बार फोन करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर महिला खुद कानपुर पहुंची.
इरफान के घर पहुंची महिला
6 अक्टूबर को महिला एक परिचित के साथ लाटूश रोड स्थित इरफान के घर पहुंची. महिला का कहना है कि वहीं उसे पता चला कि इरफान पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं. इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की. महिला ने पुलिस को अपनी शादी से जुड़े फोटो, दस्तावेज और दूसरे कागजात भी दिए.
महिला ने बताया कि वह थाईलैंड में कैंटीन और रेस्टोरेंट का कारोबार करती है. उसके मुताबिक, इरफान को दी गई रकम में उसकी अपनी कमाई के अलावा रिश्तेदारों से उधार लिया गया पैसा भी शामिल है. महिला ने कहा कि वह फिलहाल अपनी रकम वापस चाहती है.
पुलिस के मुताबिक, शिकायत में महिला ने इरफान पर खुद को अविवाहित बताकर शादी करने और इसके बाद करीब 60 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है. महिला ने कानपुर स्थित उसके घर पहुंचने पर मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया है. इसके अलावा उसने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने की शिकायत की है.
मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार किया गया
शिकायत के आधार पर अनवरगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने नामजद आरोपी मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार कर लिया है. अब पुलिस शादी से जुड़े दस्तावेज, पैसों के लेन-देन और महिला की ओर से लगाए गए दूसरे आरोपों की जांच कर रही है.
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस शिकायत में सामने आए अन्य तथ्यों का भी सत्यापन करा रही है.
ADVERTISEMENT


