'ठाकुर हूं मैं, मुझसे उलझना मत' वाले बयान से सोशल मीडिया पर रातों-रात सनसनी मचाने वाली कानपुर की बैंककर्मी आस्था सिंह (Thakur Astha Singh) एक बार फिर जबरदस्त चर्चा में हैं. इस बार चर्चा की वजह उनका एक नया वीडियो है, जिसमें उन्होंने ई-रिक्शा में अपने साथ 'बैड टच' (Bad Touch) यानी छेड़खानी होने का एक गंभीर दावा किया है. आस्था ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बैक-टू-बैक दो वीडियो शेयर कर आपबीती सुनाई है और उस शख्स की एक छोटी सी क्लिप भी जारी की है.
ADVERTISEMENT
ई-रिक्शा में 'बैड टच' का दावा, मुक्का मारकर भगाया
आस्था सिंह के मुताबिक, यह घटना करीब चार-पांच दिन पहले की है जब वह अपनी बैंक ब्रांच से निकलकर मेट्रो स्टेशन जाने के लिए एक ई-रिक्शा में सवार हुई थीं. आस्था ने बताया, "ई-रिक्शा में मेरे बगल में एक महिला बैठी थीं और मेरे ठीक सामने एक विशेष समुदाय का बुजुर्ग व्यक्ति बैठा था. मैं अपने काम में व्यस्त थी, तभी मुझे महसूस हुआ कि उस व्यक्ति का एक पैर मेरे दोनों पैरों के बीच में था. करीब 10 सेकंड बाद ही उसने मेरे शरीर को गलत तरीके से छूने (Bad Touch) की कोशिश की."
आस्था ने आगे बताया कि शुरुआत में पब्लिक ट्रांसपोर्ट होने के चलते उन्होंने बहुत ज्यादा गौर नहीं किया, लेकिन जब महज 10 सेकंड बाद उस व्यक्ति का हाथ दोबारा आगे बढ़ा, तो उन्होंने तुरंत एक्शन लिया. आस्था के मुताबिक, उन्होंने उस व्यक्ति को जोर का धक्का दिया, उसके हाथ पर मुक्का और एक थप्पड़ जड़ा. आस्था ने कहा कि वह इलाका काफी भीड़भाड़ वाला था, इसलिए वह वहां ज्यादा कुछ नहीं बोल पाईं. जब उन्होंने उस शख्स को मारा तो वह अपनी गलती मानने के बजाय उल्टा उन्हीं पर चिल्लाने लगा कि तुम्हें बैठने की तमीज नहीं है.
कानपुर पुलिस ने वीडियो पर दिया जवाब
सोशल मीडिया पर आस्था सिंह का यह वीडियो तेजी से वायरल होने और लोगों द्वारा सवाल उठाए जाने के बाद कानपुर पुलिस भी हरकत में आई है. कानपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए आधिकारिक बयान जारी किया है. पुलिस के मुताबिक, "उक्त प्रकरण पुलिस के संज्ञान में है. पीड़िता से संपर्क करके उनसे लिखित में शिकायत ले ली गई है. सुसंगत धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया गया है. जल्दी ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी."
बता दें कि आस्था सिंह सबसे पहले 6 जनवरी 2024 को चर्चा में आई थीं, जब उनका एक 43 सेकंड का वीडियो वायरल हुआ था. उस वीडियो में वह बेहद आक्रामक अंदाज में 'ठाकुर हूं मैं' कहती नजर आई थीं, जिसे लेकर उन्हें काफी ट्रोल भी किया गया था. अब इस नए छेड़खानी के दावे के बाद वह एक बार फिर इंटरनेट पर टॉक ऑफ द टाउन बनी हुई हैं.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


