हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रही महिला को रास्ते में हुई प्रसव पीड़ा, फिर अस्पताल में जुड़वा बेटों को दिया जन्म, SSP ने किया नामकरण

संदीप सैनी

• 11:14 AM • 04 Aug 2026

उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर जिले से सावन माह की कांवड़ यात्रा के दौरान एक बेहद भावुक और सुखद तस्वीर सामने आई है. दिल्ली की रहने वाली एक शिवभक्त महिला नेहा भोली कांवड़ यात्रा पर निकली थीं. इसी दौरान मुज़फ्फरनगर पहुंचने पर उन्होंने दो जुड़वा बेटों को जन्म दिया. इस खबर के सामने आते ही अस्पताल परिसर में खुशी का माहौल बन गया.

हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रही महिला ने रास्ते में जुड़वा बेटों को दिया जन्म
हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रही महिला ने रास्ते में जुड़वा बेटों को दिया जन्म
Google CTA

Kanwar Yatra 2026: उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर जिले से सावन माह की कांवड़ यात्रा के दौरान एक भावुक करने वाली तस्वीर सामने आई है. दरअसल, हरिद्वार से जल लेकर लौट रही एक महिला कांवड़िए ने मुज़फ्फरनगर के अस्पताल में दो जुड़वा बेटों को जन्म दिया है. पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बच्चों का नामकरण किया गया.

Read more!

दरअसल, दिल्ली की रहने वाली नेहा नीलकंठ से गंगाजल लेकर अपने साथियों के साथ कांवड़ यात्रा पर निकली थीं. वो अपने साथियों के साथ दिल्ली की ओर बढ़ रही थीं, लेकिन रास्ते में उनका संपर्क अपने समूह से टूट गया. इसके बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अकेले ही अपनी मंजिल की ओर बढ़ती रहीं.

रास्ते में शुरू हुआ अचानक लेबर पेन

यात्रा के दौरान जब नेहा मुजफ्फरनगर के पास पहुंचीं तो उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत मुजफ्फरनगर के महिला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की टीम ने उपचार शुरू किया. अस्पताल में भर्ती होने के बाद महिला ने दो जुड़वा लड़कों को जन्म दिया. डिलीवरी नॉर्मल हुई है. महिला सीएमएस डॉ. मुरली भास्कर के अनुसार, महिला 7 महीने की गर्भवती थीं. एक बच्चे का वजन 1 किलो 20 ग्राम और दूसरे का 900 ग्राम है. सांस में थोड़ी परेशानी के कारण दोनों नवजात बच्चों को डॉक्टरों की देखरेख में SNCU में रखा गया है, जहां उनकी हालत पूरी तरह स्थिर है.

SSP ने बच्चाें को दिया 'गणेश और कार्तिकेय' नाम

घटना की सूचना मिलते ही मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा और एसपी सिटी अमृत जैन अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने जच्चा-बच्चा का हालचाल लिया और पूरी स्थिति की जानकारी ली. पुलिस टीम ने अस्पताल प्रबंधन के साथ मिलकर महिला को हर संभव सहायता पहुंचाई.

SSP संजय कुमार वर्मा ने मां नेहा की अनुमति लेकर दोनों नवजात शिशुओं का नामकरण किया. उन्होंने दोनों बेटों का नाम "गणेश" और "कार्तिकेय" रखा. इस खास मौके पर पुलिस अधिकारियों ने मां को फ्रूट बास्केट भेंट की और बच्चों को कई उपहार भी दिए.

अधिकारियों और डॉक्टरों की टीम ने दी शुभकामनाएं

SSP संजय कुमार वर्मा ने इसे सावन माह में महादेव का विशेष आशीर्वाद बताया. उन्होंने महिला अस्पताल की डॉक्टरों की टीम, एसपी सिटी, सीओ सिटी और स्थानीय पुलिस अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की. अधिकारियों ने जच्चा और बच्चा के जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटने की कामना की.