Kaushambi Priyanka Yadav Constable Death Case: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. मंझनपुर स्थित महिला थाने में तैनात 26 साल की महिला कांस्टेबल प्रियंका यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के वक्त प्रियंका थाने के पहरे की ड्यूटी पर तैनात थीं, तभी अचानक उनकी सरकारी इंसास राइफल से गोली चल गई. गोली की आवाज सुनते ही थाने में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और लहूलुहान अवस्था में प्रियंका को तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
ADVERTISEMENT
गाजीपुर की रहने वाली थीं 2025 बैच की सिपाही प्रियंका यादव
मृतक महिला सिपाही प्रियंका यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले की रहने वाली थीं और वे 2025 बैच की पुलिसकर्मी थीं. वर्तमान में उनकी तैनाती कौशांबी के मंझनपुर महिला थाने में थी. सोमवार सुबह जब वे पहरे की ड्यूटी कर रही थीं, उसी दौरान यह दर्दनाक हादसा या घटना हुई. घटना की सूचना मिलते ही कौशांबी के पुलिस अधीक्षक (SP) सत्यनारायण प्रजापत, अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अमिता सिंह और क्षेत्राधिकारी (CO) मंझनपुर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
फॉरेंसिक टीम और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को तत्काल मौके पर बुलाया गया. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और सबूत जुटाए हैं. इसके अलावा, पुलिस ने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और वहां मौजूद अन्य साथी पुलिसकर्मियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. घटना के बाद पुलिस ने प्रियंका यादव का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है ताकि कॉल डिटेल्स और मैसेज के जरिए किसी भी संभावित वजह का पता लगाया जा सके.
SP का बयान: सीओ मंझनपुर के नेतृत्व में बनाई गई जांच टीम
कौशांबी के पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि घटना की जानकारी प्रियंका यादव के परिजनों को दे दी गई है. शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है. एसपी के मुताबिक, घटना के सभी पहलुओं की गहनता से निष्पक्ष जांच के लिए सीओ मंझनपुर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह कोई हादसा (मिसफायर) था, आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.
ADVERTISEMENT


