कौशांबी में स्कूल बनी जंग का मैदान! टीसी मांगने गए अभिभावक को प्रधानाध्यापिका ने जूतों से पीटा, वीडियो वायरल

सुषमा पांडेय

• 02:52 PM • 11 Jul 2026

Kaushambi Viral Video: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में टीसी लेने पहुंचे अभिभावक के साथ प्रधानाध्यापिका द्वारा कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आरोप है कि टीसी के बदले ₹1000 रिश्वत मांगने के विवाद के बाद प्रधानाध्यापिका ने युवक पर जूते से हमला कर दिया. जानिए पूरा मामला.

Kaushambi Viral Video
Kaushambi Viral Video
Google CTA

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) लेने गए अभिभावक के साथ स्कूल की प्रधानाध्यापिका ने न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि बात इतनी बढ़ गई कि उन्होंने अपना जूता उतारकर युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी. सोशल मीडिया पर इस घटना का करीब 34 सेकंड का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला टीचर का गुस्सा साफ देखा जा सकता है. वीडियो में मैडम एक युवक पर दनादन जूते बरसाती नजर आ रही हैं और आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं. इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है.

Read more!

जानिए क्या है पूरा मामला और विवाद की वजह

यह पूरा बवाल कौशांबी जिले के मूरतगंज ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक विद्यालय 'टीका का पुरवा' (काजू ग्राम पंचायत के पास) का है. मिली जानकारी के अनुसार, अनुज कुमार यादव नाम के एक युवक अपने एक रिश्तेदार की बेटी का ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) निकलवाने के लिए स्कूल पहुंचे थे, जो वहां चौथी कक्षा में पढ़ती थी.

जब अनुज ने स्कूल की प्रधानाध्यापिका अनीता देवी से बच्ची की टीसी देने के लिए कहा, तो अचानक दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. आरोप है कि प्रधानाध्यापिका ने बच्ची का आधार कार्ड और बच्ची को साथ लाने की बात कही थी, जिस पर अभिभावक का कहना था कि आधार कार्ड पहले ही स्कूल में जमा कराया जा चुका है. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया.

रिश्वत मांगने का आरोप और वीडियो बनाने पर भड़कीं मैडम

पीड़ित अभिभावक अनुज कुमार यादव का आरोप है कि जब वे टीसी लेने गए तो वहां की प्रधानाध्यापिका अनीता देवी ने उनसे ₹1000 'सुविधा शुल्क' (रिश्वत) की मांग की. रिश्वत मांगे जाने के विरोध में अनुज के साथ आए मनोज नाम के शख्स ने अपने मोबाइल फोन से इस पूरी बातचीत का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. वीडियो रिकॉर्डिंग होते देख प्रधानाध्यापिका बुरी तरह भड़क गईं. आरोप है कि उन्होंने नाराज होकर मनोज का मोबाइल फोन छीन लिया और उसे जमीन पर फेंक कर तोड़ दिया. 

पीड़ित के मुताबिक, जब वे अपना फोन उठाने की कोशिश कर रहे थे, तभी दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें प्रधानाध्यापिका जमीन पर गिर गईं. इसके बाद गुस्से से आगबबूला होकर मैडम ने अपना जूता उतार लिया और युवक पर हमला कर दिया. पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि 112 नंबर पर पुलिस को सूचना देने के बाद, पुलिस की गाड़ी आते देख शिक्षिका स्कूल के गेट पर लात मारकर वहां से भाग निकलीं.

शिक्षा विभाग और पुलिस की कार्रवाई

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कमलेंद्र कुशवाहा ने मामले का संज्ञान लिया है. उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में विवाद टीसी को लेकर ही सामने आया है और इस पूरे मामले की विस्तृत जांच खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को सौंप दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि जांच की विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद शिक्षिका के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी. 

वहीं दूसरी तरफ, मामला मीडिया में आने के बाद चरवा थाना पुलिस भी एक्शन मोड में आ गई है. पुलिस ने पीड़ित अनुज कुमार यादव की तहरीर के आधार पर प्रधानाध्यापिका अनीता देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अब वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी जांच में जुट गई है. हालांकि, शुरुआती तौर पर दोनों पक्षों के थाने पहुंचने और आपस में माफीनामा की स्थिति की खबरें भी सामने आई थीं, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है.