जालंधर की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शनिवार देर रात अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया. सोशल मीडिया पर एक छात्रा के कथित रेप और इसके बाद आत्महत्या करने की खबरें सामने आने के बाद करीब 2 हजार छात्र विरोध प्रदर्शन के लिए कैंपस में जुट गए. देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं.
ADVERTISEMENT
हालांकि, सोशल मीडिया पर किए जा रहे इन दावों की अभी तक पुलिस या यूनिवर्सिटी प्रशासन ने पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि छात्रा के रेप या आत्महत्या से जुड़ी घटना की पुष्टि करने वाला कोई सबूत अभी सामने नहीं आया है. इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत भी नहीं मिली है.
वायरल मैसेज के बाद छात्रों में बढ़ा आक्रोश
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद LPU के छात्रों के बीच इस मामले को लेकर चर्चा शुरू हुई. कुछ पोस्ट में दावा किया गया कि गर्ल्स हॉस्टल से जुड़ी एक घटना में एक छात्रा के साथ कथित रेप हुआ और बाद में उसने आत्महत्या कर ली. सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे कुछ पोस्ट में यूनिवर्सिटी के एक कर्मचारी पर भी आरोप लगाए गए. इन दावों के सामने आने के बाद छात्रों में नाराजगी बढ़ती गई. बड़ी संख्या में छात्र गर्ल्स हॉस्टल के पास जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
पुलिस को नहीं मिली शिकायत
SSP गौरव तूरा ने बताया कि पुलिस को एक वायरल मैसेज के जरिए इस कथित घटना की जानकारी मिली थी. उनके मुताबिक, कुछ छात्रों ने छात्रा के आत्महत्या करने का दावा किया, जबकि कुछ अन्य छात्रों ने उसके साथ रेप होने की बात कही. SSP ने कहा कि पुलिस ने इन दावों की जानकारी जुटाई है, लेकिन अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे घटना की पुष्टि हो सके. उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस के पास इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है. यानी फिलहाल सोशल मीडिया पर चल रहे दावों और आधिकारिक तौर पर सामने आई जानकारी में अंतर है. पुलिस ने घटना की पुष्टि नहीं की है.
प्रदर्शन ने लिया उग्र रूप
मामले को लेकर शुरू हुआ छात्रों का विरोध धीरे-धीरे उग्र हो गया. पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन में करीब 2 हजार छात्र शामिल थे. शुरुआत गर्ल्स हॉस्टल के पास हुई और बाद में छात्र कैंपस के दूसरे हिस्सों में भी पहुंच गए.
प्रदर्शन के दौरान यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया. छात्रों ने खिड़कियों के शीशे तोड़े और कैंपस में ईंट तथा गमले फेंके. पुलिस के अनुसार, यूनिवर्सिटी परिसर में कुछ इमारतों के हिस्सों में आग भी लगाई गई. इस दौरान कैंपस में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही.
नेशनल हाईवे भी किया गया जाम
विरोध प्रदर्शन का असर यूनिवर्सिटी कैंपस से बाहर भी दिखाई दिया. प्रदर्शनकारी छात्रों ने नेशनल हाईवे को भी घेर लिया. इसके चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ. पुलिस के मुताबिक, अब चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे को खोल दिया गया है और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.
एक दिन पहले चितकारा यूनिवर्सिटी में भी हुआ था विवाद
LPU में हुए इस घटनाक्रम से एक दिन पहले पटियाला के पास चितकारा यूनिवर्सिटी में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी. इसके बाद LPU में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों को लेकर छात्रों के बीच चर्चा और नाराजगी बढ़ गई.
फिलहाल LPU मामले में सबसे अहम बात यह है कि छात्रा के कथित रेप और आत्महत्या की सोशल मीडिया पर चल रही खबरों की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि उसे अभी तक कोई शिकायत या ऐसा सबूत नहीं मिला है, जिससे इन दावों की पुष्टि हो सके.
ADVERTISEMENT


