Lucknow Fire News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया इलाके में सोमवार को एक इमारत में अचानक आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं के गुबार से भर गई. दुकान से शुरू हुई ये आग अब उसके ऊपर चल रहे गेमिंग जोन तक पहुंच गई. आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. गेमिंग जोन अंदर मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई. आग ने पूरी इमारत को धुएं से घेर लिया. इससे अंदर फंसे लोगों के लिए बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया. ऐसे में एक शख्स ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ADVERTISEMENT
आपको बता दें कि घटना को लेकर शुरुआत जानकारी में कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी की बात सामने आई थी, लेकिन अब इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि बिल्डिंग में न तो कोई कोचिंग सेंटर था और न ही लाइब्रेरी चल रही थी. अधिकारियों के मुताबिक, ग्राउंड फ्लोर पर एक पेट शॉप थी. इसके ऊपर वाली मंजिल पर गेमिंग जोन बना हुआ था. यहां कर्मचारी गेमिंग सॉफ्टवेयर पर काम करते थे. जैसे ही आगे लगने की घटना समाने आई तो ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ताजा जानकारी के अनुसार अब तक इस घटना में 6 की मौत हो गई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार सभी की उम्र 20 से 24 साल के बीच बताई जा रही है.
जान बचाने के लिए इमारत से लगाई छलांग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हालात इस कदर बिगड़ गए कि कुछ लोगों को अपनी जान बचाने के लिए इमारत से नीचे छलांग लगा दी. हादसे की खबर मिलते ही भारी संख्या में स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और राहत व बचाव के काम में जुट गए. स्थानीय निवासियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं. आग की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की गांड़ी और स्थानीय पुलिस पहुंच गई है.
अंदर फंसे लोगों को निकाला जा रहा है बाहर
मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग को बुझाने में लगी हुई है. वहीं पुलिस रेस्क्यू ऑपरेशन की टीम बिल्डिंग के अंदर फंसे लाेगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास कर रहे हैं. एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है और हालात पर पैनी नजर रखी जा रही है. इस बीच, हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद मामले का संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को फौरन घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने राहत और बचाव कार्य की गति को तेज करने और मौके पर सभी जरूरी कदम उठाने के सख्त आदेश दिए हैं.
सीएम योगी ने दिए ये निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को से हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत बेहतर इलाज मुहैया कराने को कहा है. इसके साथ ही जिला प्रशासन को हर स्तर पर पूरी सतर्कता बरतने को कहा गया है ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में कोई रुकावट न आए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस पूरे राहत व बचाव कार्य की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए हैं.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की है. फिलहाल, प्रशासनिक अधिकारी और सभी बचाव एजेंसियां मौके पर मुस्तैद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, साथ ही फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिशें जारी हैं. हालांकि, अभी तक आग लगने की असली वजह साफ नहीं हो पाई है. पुलिस और दमकल की टीमें घटना स्थल पर डटी हुई हैं और बचाव अभियान चला रही हैं.
ADVERTISEMENT


