उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र से दोस्ती और भरोसे को तार-तार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां महज 2,250 रुपये के लालच में एक युवक ने अपने ही जिगरी दोस्त की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने पहले अपने दोस्त को जमकर शराब पिलाई और जब वह नशे में बेसुध हो गया तो उसे बिजली के तार व लोहे के कूलर से करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया. कत्ल को हादसा साबित करने के लिए शातिर आरोपी ने शव को पड़ोसी के मकान के बाहर फेंक दिया. हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी का यह पैंतरा काम न आ सका और वह सलाखों के पीछे पहुँच गया.
ADVERTISEMENT
पुलिस के मुताबिक, रहीमाबाद निवासी मेडीलाल ने 1 अक्टूबर को अपने बेटे सचिन उर्फ राजा की संदिग्ध मौत के बाद कत्ल की आशंका जताते हुए तहरीर दी थी. मामले की तफ्तीश में जुटी बिजनौर थाना पुलिस ने नामजद आरोपी बिरजू (26 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस कस्टडी में बिरजू ने जब कत्ल का सच उगला तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए.
पूछताछ में दोस्त बिरजू ने उगला सच
पूछताछ में सामने आया कि 28 सितंबर को मृतक सचिन को पैसों की तुरंत जरूरत थी. व्यवस्था न होने पर उसने अपनी बाइक गिरवी रख दी. इसके बाद सचिन और बिरजू ने बाइक के पैसों से शराब खरीदी और बिरजू के कमरे पर जाकर पीने लगे. ज्यादा शराब पीने की वजह से जब सचिन बिस्तर पर पूरी तरह सुध-बुध खो बैठा तो उसके पास रखे बचे हुए पैसों को देखकर बिरजू के मन में लालच आ गया.
रुपये हड़पने की नीयत से बिरजू ने सचिन की हत्या का प्लान बनाया. उसने कमरे में लगे लोहे के कूलर और खुले बिजली के तार की मदद से बेसुध पड़े सचिन को जोरदार करंट का झटका दिया, जिससे तड़प-तड़पकर उसकी जान चली गई. इसके बाद आरोपी ने मृतक की जेब से बचे हुए ₹2250 निकाल लिए और लाश को घसीटकर पड़ोसी के घर के बाहर डाल दिया ताकि सब इसे एक बिजली दुर्घटना समझें.
पुलिस ने दी ये जानकारी
डीसीपी साउथ मो. मुश्ताक ने बताया कि पुलिस ने आरोपी बिरजू की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बिजली का तार, लोहे का कूलर और लूटे गए 2250 रुपये बरामद कर लिए हैं. आरोपी बिरजू का पहले से भी क्रिमिनल रिकॉर्ड रहा है. मामले में साक्ष्य मिटाने और लूट की संबंधित बीएनएस धाराएं जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है.
ADVERTISEMENT


