'14 तो मैंने गिने हैं...' लखनऊ अग्निकांड पर बोलते हुए रो पड़े ब्रजेश पाठक, देखें VIDEO

Lucknow Agnikand News: लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत की खबर ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया है. हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मीडिया के सामने भावुक हो गए. मासूम बच्चों का जिक्र करते हुए उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है.

फफक-फफक कर रो पड़े डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
फफक-फफक कर रो पड़े डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Deputy CM Brijesh Pathak Emotional Video: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में एक इमारत में लगी भीषण आग ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. ताजा जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक अग्निकांड में अब तक 15 छात्रों की मौत की खबर सामने आई है.

Read more!

हादसे में जान गंवाने वाले मासूम छात्रों को श्रद्धांजलि देते हुए जब उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मीडिया से बात कर रहे थे, तब वे भावुक हो गए. घटना का जिक्र करते ही वह खुद को संभाल नहीं पाए और कैमरे के सामने उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. 

देखें VIDEO:-

 

राहत-बचाव कार्य जारी, हर कमरे की हो रही जांच

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सभी घायलों को अस्पताल भेज दिया गया. पिछले ढाई से तीन घंटे से फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और प्रशासन की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं. इमारत के अंदर एक-एक कमरे और हर सामान की बारीकी से जांच की जा रही है. लकड़ी का फर्नीचर अधिक होने के कारण धुआं इतना घना हो गया था कि अंदर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था.

एनीमेशन सेंटर में अचानक भड़की आग

ब्रजेश पाठक ने बताया कि यह एक एनीमेशन सेंटर था, जहां बच्चे कंप्यूटर पर एनीमेशन और कार्टून बनाना सीखने आते थे. शुरुआती जानकारी के अनुसार अचानक आग भड़क गई. आग लगने के बाद बच्चे जान बचाने के लिए पीछे की ओर भागे, लेकिन धुआं इतनी तेजी से फैल गया कि कई बच्चे बाहर नहीं निकल सके. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.

दीवार तोड़कर पहुंची रेस्क्यू टीम

डिप्टी सीएम ने कहा कि राहत दलों को अंदर पहुंचने के लिए कुछ जगहों पर दीवार तक तोड़नी पड़ी, क्योंकि रास्ते पूरी तरह धुएं से भर चुके थे. उन्होंने बताया कि मृतकों और घायलों की सटीक संख्या की पुष्टि की जा रही है, लेकिन यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है. सभी घायलों और मृतकों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है.

15 से 17 साल के थे अधिकांश छात्र

ब्रजेश पाठक के मुताबिक, इस सेंटर में गर्मी की छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में बच्चे प्रशिक्षण लेने आते थे. अधिकांश छात्रों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है. मासूम बच्चों के साथ हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है.

उच्च स्तरीय जांच के आदेश

डिप्टी सीएम ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं. प्रमुख सचिव (गृह) और डीजीपी को मौके पर बुलाया गया है. उन्हें घटना के कारणों की गहन जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

मुख्यमंत्री भी हुए भावुक

ब्रजेश पाठक ने कहा कि मासूम बच्चों की मौत का दर्द बेहद बड़ा है. उन्होंने बताया कि जब मुख्यमंत्री को घटना की पूरी जानकारी दी गई तो वे भी भावुक हो गए. बच्चों की मौत की खबर सुनकर उनकी आंखों में आंसू आ गए. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गहरा दुख और अपूरणीय क्षति है.

    follow google news