6 FIR, बिल्डिंग का मालिक समेत 4 गिरफ्तार, 4 अफसर सस्पेंड... लखनऊ अग्निकांड में 15 मौतों के बाद अब तक क्या क्या हुआ एक्शन

आशीष श्रीवास्तव

• 09:04 AM • 23 Jun 2026

Lucknow Building Fire: लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है. मामले में 6 एफआईआर दर्ज की गई हैं, 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 4 अधिकारियों पर गाज गिर चुकी है. अब जांच रिपोर्ट से कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है.

Lucknow Fire News
Lucknow Fire News
Google CTA

Lucknow Fire Accident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया है. इस भयानक हादसे में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. घटना के बाद से ही प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है. अब मामले में जांच और कार्रवाई का दौर शुरू हो गया है. पुलिस ने करवाई करते हुए इस मामले में अब तक 6 FIR दर्ज की हैं. थाना अलीगंज में 22 जून को दर्ज मुकदमे में BNS की अलग अलग धाराओं और उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा अधिनियम के तहत 6 नामजद आरोपियों और अन्य जिम्मेदारों पर केस दर्ज किया गया है. वहीं 4 अधिकारियों को अब तक सस्पेंड किया जा चुका है. 

Read more!

बिल्डिंग मालिक समेत 4 लोग गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों में बिल्डिंग का मालिक भी शामिल है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम रामकृष्ण उपाध्याय, वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, तुशांक कृष्णा जायसवाल और सुरेश कुमार शाहू हैं. पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

LDA ने बनाई 5 सदस्यों की जांच टीम

लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA ) ने भी इस मामले में अपनी जांच तेज कर दी है. LDA  के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने घटना के हर पहलू को समझने के लिए पांच सदस्यों की एक विशेष टीम बनाई है. ज्ञानेंद्र वर्मा के नेतृत्व में बनी इस टीम में केके गौतम, मानवेंद्र सिंह, मनोज सागर और रविनंदन सिंह को रखा गया है. यह टीम अपनी विस्तृत रिपोर्ट सीधे शासन को सौंपेगी.

लापरवाह अधिकारियों पर गिरी गाज

मामले में अब तक कुल 4 अधिकारियों को सस्पेंड किया जा चुका है. मुख्यमंत्री के सीधे निर्देश पर लापरवाही बरतने के आरोप में LDA  के AE और JE को भी सस्पेंड कर दिया गया है. इसके साथ ही प्रशासनिक स्तर पर भी जिम्मेदारी तय करने का काम तेजी से शुरू हो गया है.