लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया है. 17 साल की नाबालिग लड़की का शव गोमती नदी से बरामद हुआ है. पुलिस को मजबूत शक है कि उसके मौसा ने उसके साथ रेप किया और फिर हत्या कर दी.
ADVERTISEMENT
मामला मड़ियांव थाना क्षेत्र का है. बुधवार रात लड़की अपने मौसा के साथ घर से निकली थी. मौसा ने कमर में दर्द बताकर दवा लेने का बहाना बनाया. आधे घंटे बाद उसने लड़की के भाई को फोन किया और कहा कि कुछ अजनबी लोग कार में उसे जबरन ले जा रहे हैं.
परिवार वाले तुरंत वहां पहुंचे. उन्हें मौसा बेहोशी की हालत में मिला. पास ही नदी किनारे लड़की के कपड़े और अंडरगारमेंट्स बिखरे पड़े थे. परिवार वाले सदमे में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया.
लड़की का नग्न शव मिला
पुलिस ने तुरंत SDRF टीम के साथ सर्च शुरू किया. देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला. गुरुवार सुबह पिपरिया पुल के पास नदी से लड़की का नग्न शव मिला. परिजनों में कोहराम मच गया.
जांच में मौसा के बयान में कई झूठ सामने आए. उसने दावा किया था कि वह ऑटो से ले जा रहा था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में वह बाइक पर लड़की को ले जाता दिखा. कोई कार नहीं दिखी. मौसा नशे की हालत में पकड़ा गया.
पुलिस ने क्या बताया
मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा और डीसीपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि शुरुआत में अपहरण की सूचना मिली थी. अब पूरी जांच चल रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी.
पुलिस ने मौसा पर रेप और हत्या का केस दर्ज कर लिया है. पूछताछ जारी है. पता लगाया जा रहा है कि इसमें कोई और शामिल तो नहीं.
उत्तराखंड से आया था मौसा
जानकारों के मुताबिक, आरोपी मौसा उत्तराखंड से आया था. वह पेंटिंग का काम करता था. उसकी शादी लड़की की मौसी से इंस्टाग्राम पर हुई मुलाकात के बाद हुई थी. मां की मौत के बाद बेसहारा बच्ची को यही मौसा सबसे भरोसेमंद लगा. लेकिन उसी ने उसका भरोसा तोड़ दिया.
ADVERTISEMENT


