Lucknow murder case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक हत्याकांड का हैरान करने वाला खुलासा हुआ है. जो पत्नी छाती पीट-पीट कर भाग्य को कोस रही थी. जो अपने पति के लिए दहाड़े मारकर रो रही थी. वो ही अपने पति रामबाबू मौर्य की हत्या की सूत्रधार निकली. 12 के पवित्र रिश्ते का अंत उसने प्रेमी के हाथों कराया पर साजिश में पूरी तरह शामिल रही. प्रथम दृष्टया तो पुलिस अज्ञात हमलावर को ढूंढती रही पर CCTV फुटेज ने पूरी कहानी पलट दी.
ADVERTISEMENT
पत्नी ही निकली मास्टरमाइंड
लखनऊ के कृष्णानागर में 13 और 14 सितंबर की दरम्यानी रात 32 साल के रामबाबू मौर्य की गला रेत की हत्या कर दी गई. सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई. रामबाबू की हत्या के बाद उसकी पत्नी पुष्पा मौर्य का रो-रोकर बुरा हाल था. पूरा परिवार उसे संभाल और ढांढस बंधा रहा था. पत्नी दहाड़े मार कर रो रही थी. जवानी में पति की हत्या के बाद आस-पड़ोस के लोग संवेदना जता रहे थे. पूरा इलाका दहल गया था पर पुलिस ने जैसे ही मामले का खुलासा किया हर कोई हैरान रह गया.
पति की लंबी आयु के लिए उपवास रखने वाली, पति की मंगलकामना करने वाली पत्नी पुष्पा ही पूरे हत्याकांड की मास्टरमाइंड निकली. इस पूरे हत्याकांड की पहली सीढ़ी बनीं रामबाबू मौर्य की बाइक जो गायब हो गई थी.
गायब बाइक की क्या है कहानी
रामबाबू मौर्य और पुष्पा की शादी 12 साल पहले हुई थी. दोनों के जीवन में सबकुछ ठीक चल रहा था. अचानक दोनों की लव लाइफ में एक रिश्तेदार नीरज मौर्य की एंट्री हुई. नीरज और पुष्पा में प्यार हो गया. काफी दिनों तक रामबाबू को इसकी भनक नहीं मिली. एक दिन रामबाबू के सामने दोनों के अनैतिक संबंधों का पटाक्षेप हो गया. राम बाबू आगबूला हुआ और नीरज की एंट्री अपने घर में बैन कर दी.
मुलाकात बंद हुई तो दोनों ने रची खौफनाक साजिश
अब तो पुष्पा और नीरज एक दूसरे से मिलने के लिए बेचैन हो उठे. अब दोनों को रामबाबू काफी खटकने लगा था. फिर दोनों ने साजिश रची. साजिश के तहत पहला काम था रामबाबू का विश्वास जीतना. एक दिन अचानक रामबाबू की बाइक गुम हो गई. वो परेशान हो उठा. इधर नीरज ने उसे बाइक ढूंढ लेने का भरोसा दिया. बाइक मिल भी गई. मिलती भी क्यों नहीं, बाइक तो षड्यंत्र के तहत गायब हुई थी.
भरोसा बढ़ा और नीरज की घर में फिर होने लगी एंट्री
रामबाबू का भरोसा नीरज पर बढ़ गया. एक बार फिर नीरज उसके घर आने-जाने लगा. इधर साजिशें पनप रही थीं उधर इन सबसे बेखबर रामबाबू अपनी दुनिया में मस्त था. आरोप है कि पुष्पा ने साजिश के तहत रामबाबू से हत्या वाले दिन मंदिर जाने की बात कही. इधर पुष्पा घर से निकली और उधर नीरज ने रामबाबू को शराब पार्टी के लिए बुलाया. शराब पीने के बाद नीरज ने रामबाबू का गला सब्जी काटने वाले चाकू से रेत दिया. खून अधिक बह जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की. सीसीटीवी फुटेज में रामबाबू को नीरज के साथ जाते हुए देखा. पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हो गया.
ADVERTISEMENT


