Lucknow saas bahu murder case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां शनिवार को जब एक पोता अपने घर पहुंचा तो अंदर का मंजर देखकर उसकी रूह कांप गई. एक कमरे में 69 वर्षीय दादी निर्मला देवी का शव पड़ा था और उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे. उस वक्त घर में बहू और छोटी बेटी मौजूद थीं, जबकि बेटा ड्यूटी पर गया हुआ था. दादी को इस हालत में देख पोता सन्न रह गया और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
ADVERTISEMENT
पुलिस को शुरुआत में मामला संदिग्ध लग रहा था, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी तो कई चौंकाने वाले खुलासे होने लगे. हैरानी की बात ये रही कि आरोपी पुलिस के साथ ही घूमता रहा और पूरी कार्रवाई पर नजर रखता रहा. लेकिन जांच के दौरान एक छोटी सी गलती ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया. इसी के बाद बहू के अवैध संबंध, उसके प्रेमी और घर के अंदर रची गई खौफनाक साजिश का सच सामने आ गया. आखिर क्या है मामला, कैसे निर्मला देवी की मौत हुई जानिए विस्तार से...
पोते ने सबसे पहले देखा दादी का शव
यह घटना महानगर थाना क्षेत्र के निशातगंज इलाके की है. करीब दो साल पहले अपने पति को खो चुकी निर्मला देवी का शव शनिवार को कमरे में पड़ा था. पोता घर लौटा तो दादी को इस हालत में देखा तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. इस दौरान पुलिस को बहू के हाव भाव संदिग्ध लगे. पुलिस ने उसे शक के आधार पर हिरासत में ले लिया.
CCTV बंद लेकिन किरायेदार का वो कनेक्शन
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि घर में लगा CCTV कैमरा दोपहर 2 से 4 बजे के बीच बंद है. ऐसे में आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली गई. इसमें एक किरायेदार राजन शर्मा घर से बाहर निकलते हुए दिखाई दिया. राजन के निकलते ही घर का कैमरा दोबारा चालू हो गया. पुलिस को CCTV कैमरे में इस दौरान कोई भी बाहरी व्यक्ति घर के अंदर आता जाता नहीं दिखा. इससे मामला और उलझ गया.
इस एक गलती से पकड़ा गया आरोपी
ऐसं में पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद ली. इस दौरान डॉग स्क्वायड शामिल कुत्ता सीधे घर से कुछ दूरी पर खड़े किरायेदार राजन के पास जाकर रुक गया. कुत्ता रुकते ही राजन घबरा गया और उसे भगाने की कोशिश करने लगा. इस दौरान पुलिस ने राजन की घबराहट को भांप लिया. ऐसे में उसे तुरंत हिरासत में लिया गया. पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो राजन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
अवैध संबंधों के विरोध में रची गई साजिश
पूछताछ में यह बात सामने आई कि बहू रंजना और किरायेदार राजन शर्मा के बीच अवैध संबंध थे. परिवार के लोग इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहे थे. कई बार दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा भी गया था. सास निर्मला देवी इस रिश्ते के खिलाफ सबसे ज्यादा मुखर थीं. इसी बात से नाराज होकर बहू ने अपने प्रेमी राजन के साथ मिलकर सास को रास्ते से हटाने की साजिश रची और गला दबाकर उनकी जान ले ली.
हत्या के बाद पुलिस के साथ घूमता रहा कातिल
खास बात ये है कि निर्मला देवी की हत्या करने के बाद वो भागा नहीं और मौके पर ही खड़े होकर पुलिस की हर गतिविधि को देखता रहा. पुलिसकर्मियों के साथ वो खुद ही आरोपियों को पकड़ने की बातें कर रहा था ताकि किसी को उस पर शक न हो. फिलहाल, पुलिस ने अब बहू और उसके प्रेमी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: बागपत में हुआ चमत्कार! 11 साल बाद जिंदा लौटी मां, बेटों के होश उड़ गए, गांव में DJ पर मना जश्न
ADVERTISEMENT


