उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चर्चित हजरतगंज कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. मामले में 25 हजार रुपये की इनामी आरोपी श्रद्धा दुबे ने 14 अक्टूबर की देर शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा. वीडियो में हाथ जोड़कर सफाई देते हुए श्रद्धा ने दावा किया कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई है, बल्कि उसने खुद सुसाइड किया था. श्रद्धा ने कहा कि वह कहीं गायब नहीं हैं और पुलिस के सामने पेश होकर जांच से जुड़ी पूरी सच्चाई बताने को तैयार हैं. विस्तार से जानिए पूरी बात.
ADVERTISEMENT
'नेताओं और अधिकारियों के साथ बेवजह न जोड़ें नाम'
जारी वीडियो में श्रद्धा दुबे ने मीडिया और लोगों से अपील करते हुए कहा कि उनका नाम बेवजह बड़े-बड़े नेताओं और अधिकारियों से न जोड़ा जाए. श्रद्धा ने स्पष्ट किया कि यदि कोई नेता या अधिकारी उनके इंस्टाग्राम पर जुड़ा है, तो इसका मतलब यह नहीं कि उनका उनसे कोई व्यक्तिगत संबंध है. उन्होंने कहा कि उनका किसी से कोई कनेक्शन नहीं है और झूठी अफवाहें न फैलाई जाएं. उन्होंने अपनी शारीरिक स्थिति का हवाला देते हुए बताया कि वह इस समय पूरी तरह से फिजिकली फिट नहीं हैं, लेकिन फिर भी पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराना चाहती हैं.
हजरतगंज कोतवाली में दर्ज है मुकदमा
गौरतलब है कि 9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज इलाके स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. घटना के बाद उन्हें केजीएमयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था. इस मामले में शिवा की मां रंजना की तहरीर पर हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है. एफआईआर में श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल और तारिक समेत पांच लोगों के नाम शामिल हैं.
पुलिस की जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी लखनऊ सेंट्रल की ओर से श्रद्धा दुबे समेत तीन आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. श्रद्धा दुबे द्वारा वीडियो में किए गए दावों के बाद केस में नया मोड़ आ गया है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि दर्ज मुकदमे और परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है और श्रद्धा के दावों की सत्यता जांच के तथ्यों के आधार पर ही तय होगी.
ADVERTISEMENT


