उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां जमीन और जायदाद के लालच में एक बेटे की संवेदनहीनता ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. आरोप है कि बुजुर्ग पिता की मौत के बाद जहां घर में मातम छाया था और अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं, वहीं बेटा अपने मृत पिता के बेजान हाथों से सादे कागजों पर अंगूठे के निशान लगवा रहा था. ग्रामीणों द्वारा इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया गया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
मामला लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र स्थित खड़ा गांव का है. गांव के निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग छत्रपाल पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे. परिजनों और बेटियों का आरोप है कि छत्रपाल को उनके बेटे महेंद्र और बहू द्वारा प्रताड़ित किया जाता था.
2023 में घर से निकाला: परिजनों के अनुसार, साल 2023 में बुजुर्ग छत्रपाल और उनकी पत्नी को उनके ही पैतृक घर से बाहर निकाल दिया गया था. इसके बाद बुजुर्ग दंपति अपनी बेटियों और रिश्तेदारों के घर रहने को मजबूर थे.
बेदखली और बेटियों को जमीन: बेटे के इस रवैये से दुखी होकर छत्रपाल ने उसे अपनी संपत्ति से बेदखल करने की सूचना दी थी. साथ ही, अपनी लगभग 6.5 बीघा जमीन में से 1-1 बीघा जमीन अपनी तीनों बेटियों के नाम कर दी थी, जो उनकी देखभाल कर रही थीं.
इलाज के बहाने ले जाने का आरोप: 7 जुलाई को जब बुजुर्ग छत्रपाल की तबीयत बिगड़ी, तो बेटा इलाज कराने के बहाने उन्हें अपने साथ ले गया. परिजनों का आरोप है कि उन्हें देखने तक नहीं दिया गया.
मौत के बाद कागजों पर अंगूठा लगाने की कोशिश
9 जुलाई को इलाज के दौरान छत्रपाल की मृत्यु हो गई. जब उनका शव गांव लाया गया और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही थी, उसी दौरान बेटे महेंद्र पर आरोप लगा कि वह पिता के शव के अंगूठे के निशान सादे कागजों (प्रॉपर्टी के दस्तावेजों) पर लेने लगा.
वहां मौजूद ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने इस हरकत को देखकर विरोध जताया और इसका वीडियो बना लिया. मृतक की बेटियों ने आरोप लगाया है कि पिता को जीते-जी तो चैन मिला ही नहीं, मौत के बाद भी उनके साथ अभद्रता की गई और अंतिम संस्कार के समय भी विवाद खड़ा किया गया. फिलहाल यह वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस कलयुगी बेटे की हरकत की कड़े शब्दों में निंदा कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: भाई की मौत पर पैरोल पर निकले अतीक के बेटे उमर का बढ़ा संकट, समर्थकों की गुंडागर्दी के बाद एक्शन में पुलिस
ADVERTISEMENT


