Mahoba Deepali Tiwari allegation: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां बीजेपी की पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने अपनी ही पार्टी के जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. दीपाली का आरोप है कि उन्हें जिला उपाध्यक्ष पद दिलाने के बदले हमबिस्तर होने का अनैतिक दबाव बनाया गया. वहीं, जिला अध्यक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे उनकी छवि खराब करने की साजिश बताया है. महोबा का ये मामला अब चर्चाओं में है और पुलिस थाने तक पहुंच गया है. अब इस मामले में दीपाली तिवारी ने जिला अध्यक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है.
ADVERTISEMENT
'मुझसे हमबिस्तर होने की डिमांड की थी'- दीपाली
मामले में शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचीं पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने मीडिया के सामने घटना के बारे में जानकारी दी. इस दौरान उन्होंने कहा, ''मैं एसपी ऑफिस आई हुई हूं, मोहन लाल जी ने जो मेरे साथ गलत व्यवहार किया उसके खिलाफ ज्ञापन देने. मोहन लाल जी ने सारी पराकाष्ठा पार कर दी. उन्होंने मुझे धमकी दी कि यदि मैं शांत नहीं होती हूं तो मेरे पति के ऊपर 76 लगाकर जेल में डलवा देंगे.''
दीपाली तिवारी ने आगे बताया कि ''जब मैंने इस बात को सुना तो मैंने अपने पति को बताया तो उन्होंने कहा कि ऐसा कैसे कर देंगे. उसके बाद मैंने उन्हें वो सारी बातें भी बताईं जो मोहन लाल जी ने मुझसे कार्यालय में कही थीं. उन्होंने मुझसे हमबिस्तर होने की डिमांड की थी, जिसे मैंने मना कर दिया, जिसके कारण उन्होंने मेरे साथ ये दुर्व्यवहार किया.''
'पार्टी में 10 साल से पार्टी में काम कर रही हूं'- दीपाली
उन्होंने कहा कि ''मैं उनसे (जिला अध्यक्ष) रिक्वेस्ट किया था कि मैं 10 साल से पार्टी में काम कर रही हूं तो मुझे कोई उच्च पद दिया जाए. पद देने के बदले उन्होंने मुझसे हमबिस्तर होने की बात कही. मैं जिला मंत्री पद पर थी और उपाध्यक्ष या महामंत्री पद के लिए उनसे बात कर रही थी. उन्होंने कहा कि देने के लिए मैं तैयार हूं, लेकिन मेरी शर्त आपको माननी पड़ेगी. जब मैंने इनकार कर दिया तो उन्होंने मुझे धमकी दी थी कि अगर मेरी बात नहीं मानेंगी तो तुम्हें जिला मंत्री ही बनाए रखूंगा. मैंने उनसे कहा कि मैं इस पद पर काम नहीं करूंगी और आपकी इस बात को स्वीकार नहीं करूंगी.''
उन्होंने बातचीत में बताया कि '' मैंने 34 दिन पहले इस्तीफा दिया था, जिसे पार्टी ने मंजूर कर लिया. मोहन लाल जी ने पार्टी से मंजूर करवा कर मेरा इस्तीफा फेसबुक पर डाल दिया था, जिसे आप लोग देख सकते हैं. जबकि शीर्ष नेतृत्व का कहना है कि ऐसा कुछ नहीं हुआ. मैं सिर्फ ये चाहती हूं कि मुझे न्याय मिले और मोहन लाल जी को जिला अध्यक्ष पद से हटाया जाए.''
'मेरे ऊपर लगे आरोप निराधार'-जिला अध्यक्ष
अपने ऊपर लगाए गए इन आरोपों पर अब खुद बीजेपी के महोबा के जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा सामने आए हैं. उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया. उन्होंने कहा कि "सोशल मीडिया के माध्यम से जो मेरे ऊपर निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं. इसमें दूर-दूर तक सच्चाई नहीं है और मेरा इसमें कोई लेना-देना नहीं है. ये पूरी तरह से गलत आरोप हैं और इसकी मैं घोर निंदा करता हूं. मेरे ऊपर निराधार आरोप लगाए गए हैं, जिसका मैं पूरी तरह से खंडन करता हूं."
कौन हैं दीपाली तिवारी?
जानकारी के अनुसार, बीजेपी जिला अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाने वाली दीपाली तिवारी पिछले करीब 10 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी रही हैं. उनका मायका उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में है. बताया जा रहा है कि उनके दादा मंगला प्रसाद तिवारी उर्फ ‘जर्मन मास्टर’ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे थे. इसके साथ ही वे चायल विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी रह चुके हैं. दीपाली तिवारी के पति पहले मंडी परिषद में ठेकेदारी का काम करते थे. हालांकि अब वे इस कार्य में सक्रिय नहीं हैं. दीपाली तिवारी पार्टी में रहते हुए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की जिला संयोजिका भी रह चुकी हैं और करीब 9 वर्षों तक जिला मंत्री पद पर कार्यरत रहीं. बताया जा रहा है कि इसी साल की शुरुआत में उन्होंने जिला मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. अब उन्होंने भाजपा के जिला अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगा कर सुर्खियों मे आयी हैं.
ADVERTISEMENT


