कौन थे फरसा वाले बाबा...जिनके मौत के बाद मचा मथुरा में कोहराम! गौतस्करों ने गाड़ी से कुचला, दिल्ली-आगरा हाईवे जाम

मथुरा के कोसीकलां में प्रसिद्ध गौरक्षक संत 'फरसा वाले बाबा' की गौतस्करों ने गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी. तड़के सुबह पीछा करने के दौरान यह वारदात हुई. घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने दिल्ली-आगरा हाईवे जाम कर दिया.

mathura
mathura

न्यूज तक डेस्क

follow google news

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कोसीकलां क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. ब्रज क्षेत्र के जाने-माने गौरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ 'फरसा वाले बाबा' की गौतस्करों ने गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी. इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव है, घटना के बाद गुस्साए लोगों ने दिल्ली-आगरा हाईवे जाम कर दिया, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया.

Read more!

कैसे हुई घटना?

जानकारी के मुताबिक, फरसा वाले बाबा को तड़के करीब 4 बजे इलाके में गौतस्करों की हलचल की सूचना मिली थी. वे तुरंत अपनी मोटरसाइकिल से संदिग्धों का पीछा करने निकल पड़े. नवीपुर गांव के पास जैसे ही उन्होंने तस्करों को रोकने की कोशिश की, आरोपियों ने रुकने के बजाय उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें कुचलते हुए निकल गए.

भीड़ का फूटा गुस्सा, हाईवे ठप

बाबा की मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में गौरक्षक और स्थानीय ग्रामीण सड़कों पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने छाता क्षेत्र में हाईवे पर ट्रकों को आड़ा-तिरछा खड़ा कर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया. इसके चलते दिल्ली और आगरा के बीच वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गई हैं. प्रदर्शनकारी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार

वारदात के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि उसके तीन अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.

पकड़े गए युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है. पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं.

हत्या को बताया गया सुनियोजित

स्थानीय लोगों और गौरक्षकों का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है. उनका कहना है कि गौतस्करों ने जानबूझकर बाबा को कुचलकर मार डाला. लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है.

हालात काबू में करने की कोशिश

घटना की सूचना मिलते ही छाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई. पुलिस ने जाम खुलवाने और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया. फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

    follow google news